Sunday, 29 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP News: यूपी में हाईटेक हुई पेयजल योजनाओं की निगरानी, जल जीवन मिशन को मिल रही नई उड़ान

UP News: ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक और बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार लगातार तकनीक का सहारा ले रही है।
Bureau
Bureau News Desk
29 Nov 2026
05:02 PM
1 min read
UP News: यूपी में हाईटेक हुई पेयजल योजनाओं की निगरानी, जल जीवन मिशन को मिल रही नई उड़ान
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
यूपी के गांवों में अब हाईटेक होगी पानी की सप्लाई
SCADA तकनीक से कार्यालय में बैठकर होगी पंपों की निगरानी
36,374 पेयजल योजनाएं होंगी ऑटोमेशन से लैस
63,625 गांवों में हो रही नियमित जलापूर्ति

UP News: ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को आधुनिक और बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार लगातार तकनीक का सहारा ले रही है। जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश की पेयजल योजनाओं को अब SCADA (Supervisory Control and Data Acquisition) और ऑटोमेशन तकनीक से लैस किया जा रहा है। इस आधुनिक व्यवस्था से गांवों में पानी की टंकियों का जलस्तर, पंपों की कार्यशीलता, पाइपलाइन में पानी का प्रवाह और भूजलस्तर की निगरानी ऑनलाइन की जा सकेगी। इससे अधिकारियों को कार्यालय में बैठकर ही पेयजल योजनाओं की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी।

SCADA/ऑटोमेशन एक आधुनिक निगरानी एवं नियंत्रण प्रणाली है। इसके माध्यम से सेंसर और अन्य उपकरणों से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर पेयजल योजनाओं की स्थिति पर नजर रखी जा सकेगी। टंकियों में पानी कितना है, पंप सही तरीके से काम कर रहे हैं या नहीं और पाइपलाइन में पानी का प्रवाह कैसा है, इसकी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध होगी। यदि किसी गांव में पंप बंद होने, जलस्तर में अचानक बदलाव या तकनीकी खराबी की समस्या आती है तो इसकी जानकारी समय रहते मिल सकेगी। इससे संबंधित कर्मचारियों को तत्काल कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों को प्रत्येक योजना का निरीक्षण करने के लिए बार-बार मौके पर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।

नई तकनीक से पेयजल योजनाओं के संचालन में बिजली की खपत पर भी नजर रखी जा सकेगी। पंपों के संचालन और ऊर्जा उपयोग से जुड़े आंकड़ों के आधार पर बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा। जहां VFD जैसी तकनीक उपलब्ध होगी, वहां जरूरत के अनुसार पंपों का संचालन कर बिजली की बचत की जा सकेगी। इसके अलावा पंपों के संचालन का रिकॉर्ड मिलने से समय पर मरम्मत और रखरखाव की योजना तैयार करना आसान होगा। तकनीकी खराबी की शुरुआती पहचान होने से बड़ी समस्याओं और अतिरिक्त खर्च से बचने में भी मदद मिलेगी।

SCADA प्रणाली में उपयुक्त सेंसर लगाए जाने पर पानी में क्लोरीन, टर्बिडिटी और अन्य निर्धारित मानकों की निगरानी भी की जा सकेगी। इससे जल गुणवत्ता में आने वाली संभावित समस्याओं का पता लगाने और सुधारात्मक कदम उठाने में आसानी होगी। हालांकि, सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने के लिए प्रयोगशाला में पानी के नमूनों की जांच भी जरूरी रहेगी। 

जल जीवन मिशन के तहत उत्तर प्रदेश में कुल 36,374 पेयजल योजनाओं में SCADA/ऑटोमेशन प्रणाली लगाने का लक्ष्य रखा गया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, संचालित एवं अनुरक्षित तथा ट्रायल रन वाली लगभग 13,700 योजनाओं में ऑटोमेशन का काम पूरा हो चुका है। इसके साथ ही पुरानी जल निगम की योजनाओं को भी आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है। विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र की पुरानी पेयजल योजनाओं में भी यह कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में ग्रामीण परिवारों तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के प्रयासों के बीच वर्तमान में 63,625 गांवों में नियमित जलापूर्ति की जा रही है। सरकार का जोर केवल घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाने पर नहीं, बल्कि पेयजल योजनाओं का सुचारु संचालन, रखरखाव और पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी है।

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जल जीवन मिशन के तहत SCADA/ऑटोमेशन जैसी आधुनिक तकनीकों से योजनाओं की निगरानी अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी। लक्ष्य है कि जलापूर्ति संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान हो और ग्रामीण परिवारों को नियमित पेयजल सुविधा मिलती रहे।

Explore Related Topics

Jal Jeevan Mission Uttar Pradesh News Yogi Government

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News