Lucknow Acid Attack Incident: राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र अन्तर्गत रविवार को इंसानियत को शर्मसार करने देने वाली घटना घटित हुई। यहां शादी करने से मना करने पर एक युवक ने 18 साल की युवती पर तेजाब फेंक दिया। बेटी के चिल्लाने पर बीच-बचाव को पहुंचे माता-पिता पर भी युवक ने हमला कर दिया। घर में घुसे युवक ने पहले माता-पिता पर तेजाब फेंका और फिर चाकू से हमला कर दिया। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गयी है। वारदात की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती और उसके माता-पिता को तुरंत केजीएमयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। जहां चिकित्सकों ने घायलों की हालत नाजुक बतायी है। वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को दबोच लिया और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के उदयगंज इलाके में आरोपी युवक तौसीफ उर्फ मन्ना रविवार सुबह युवती के घर पहुंचा। जहां दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि 18 साल की युवती ने तौसीफ के साथ विवाह करने से इनकार कर दिया था। जिसके चलते वह नाराज था। गुस्से में तौसीफ ने युवती पर तेजाब फेंक दिया। युवती के चीखने पर उसके माता-पिता भी वहां पहुंच गये।
बीच-बचाव करने पर आरोपी युवक ने पिता शहनवाज आलम और मां असमा बानो पर भी तेजाब से हमला कर दिया। गुस्से में लाल सिरफिरे युवक ने माता-पिता पर चाकू से भी कई बार वार किया। इस दौरान आरोपी भी घायल हो गया। घटना के जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी को उपचार के लिए केजीएमयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। जहां युवती की हालत नाजुक बतायी जा रही है।
वहीं माता-पिता भी गंभीर हैं। वहीं इलाके के लोगों ने भाग रहे आरोपी युवक को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि युवती के पिता कारपेंटर का काम करते हैं। आरोपी युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था। लेकिन परिजनों ने विवाह से साफ इनकार कर दिया था। जिसके बाद युवक ने युवती पर तेजाब से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें