UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता देते हुए संचालित 'बाल विवाह मुक्त भारत अभियान' के तहत प्रदेश में अब तक 23.16 लाख से अधिक लोगों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई जा चुकी है। इसके अलावा 2.82 लाख से अधिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई हैं।
प्रदेश के सभी 75 जिलों में प्रशासनिक विभागों और आम जनता की भागीदारी से यह अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य बाल विवाह पर रोक लगाने के साथ बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना है। अपर मुख्य सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग के दिशा-निर्देशों पर महिला कल्याण विभाग के समन्वय से अभियान संचालित हो रहा है। जिलाधिकारियों की निगरानी में शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जनपद, तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारियों को नामित किया गया है। ग्राम पंचायतों की मदद से निर्धारित मानकों के आधार पर गांवों को बाल विवाह मुक्त घोषित करने की प्रक्रिया भी चल रही है।
महिला कल्याण विभाग की निदेशक सी. इंदुमति के अनुसार 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, परिवारों से संवाद और धार्मिक एवं सामुदायिक नेताओं की भागीदारी की जा रही है। सामूहिक विवाह आयोजनों में निर्धारित मानकों के पालन, दस्तावेजों के सत्यापन और नियमित निगरानी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दूसरे राज्यों से बाल विवाह की शिकायतें मिलने पर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
बाल विवाह, अल्पायु विवाह और जबरन विवाह के खिलाफ 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्राम पंचायतों, धार्मिक संगठनों और छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। सामूहिक शपथ के जरिए बाल विवाह रोकने का संकल्प लिया गया। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि बाल विवाह की आशंका या जानकारी मिलने पर तुरंत संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें। चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098, महिला हेल्पलाइन: 181, आपातकालीन सेवा: 112। गौरतलब है कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 27 नवंबर 2024 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान शुरू किया था।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें