UP Congress: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में जुटे हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक कार्यक्रमों में लापरवाही और अनुशासनहीनता को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पार्टी ने महत्वपूर्ण कार्यक्रमों से गायब रहने वाले प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों से जवाब तलब किया है। बीते गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राजधानी लखनऊ पहुंचे थे। कांग्रेस की ओर से संविधान दिवस के मौके पर राजधानी लखनऊ में 'संविधान रक्षा मार्च' का आयोजन किया गया था। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में पार्टी के कई प्रवक्ता और पैनलिस्ट अनुपस्थित रहे। उनकी गैरहाजिरी को प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने गंभीरता से लिया है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के अध्यक्ष कुंवर सिंह निषाद ने शुक्रवार को मामले में सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने वाले सभी प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। जारी आदेश में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के राजधानी लखनऊ आगमन और संविधान रक्षा मार्च जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में जिम्मेदार पदाधिकारियों की अनुपस्थिति बेहद गंभीर है। सभी संबंधित लोगों को गैरहाजिरी का स्पष्ट कारण बताते हुए तत्काल लिखित जवाब देने का निर्देश दिया गया है।
कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी और निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन हर पदाधिकारी के लिए अनिवार्य है। प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों को निर्देश दिया गया है कि वे इस आदेश को गंभीरता से लें और अपनी जवाबदेही करें। पार्टी नेतृत्व संगठन के भीतर अनुशासन और सक्रियता बढ़ाना चाहता है, ताकि चुनाव से पहले सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं। अब देखना होगा कि स्पष्टीकरण मांगे जाने के बाद संबंधित प्रवक्ताओं और पैनलिस्टों की ओर से क्या जवाब दिया जाता है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें