Lucknow News: राजधानी लखनऊ में जिला कचहरी के आसपास बने 106 अवैध चैंबरों पर नगर निगम की बुलडोजर कार्रवाई फिलहाल टाल दी गई है। रविवार को होने वाली इस कार्रवाई को बार एसोसिएशन के अनुरोध पर एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ा दिया गया है। अधिवक्ताओं ने नगर निगम प्रशासन से कार्रवाई के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। वकीलों को राहत देने के लिए कचहरी परिसर के अंदर नए चैंबर आवंटित करने की भी तैयारी की जा रही है।
नगर निगम जोन-1 के जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह के मुताबिक सर्वे में चिह्नित किए गए शेष 106 अवैध निर्माणों को कोर्ट के आदेश के तहत हटाया जाना है। अगली कार्रवाई पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों, ईटीएफ और फायर ब्रिगेड की मौजूदगी में की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सभी जरूरी सुरक्षा इंतजामों के साथ अभियान चलाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 25 अक्टूबर को नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर जिला कचहरी के बाहर बने 100 अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया था। इस दौरान अधिवक्ताओं ने नगर निगम की कार्रवाई का जमकर विरोध किया था। कई वकीलों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की थी। विरोध के दौरान कुछ अधिवक्ता बुलडोजर पर चढ़ गए, जबकि कुछ उसके पहियों के सामने लेट गए थे। कई महिला वकील कार्रवाई से भावुक होकर रोने लगी थीं। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और अधिवक्ताओं को समझाकर मामला शांत कराया।
नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ अधिवक्ताओं ने उच्च न्यायालय में अपील भी दाखिल की थी, लेकिन अदालत ने इसे खारिज कर दिया था। इससे पहले मई से अगस्त के बीच दो चरणों में 72 अवैध चैंबर ध्वस्त किए जा चुके हैं। वहीं 25 अक्टूबर की कार्रवाई में 100 निर्माण हटाए गए थे। इस तरह अब तक कुल 172 अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं।
नगर निगम प्रशासन ने ध्वस्तीकरण से पहले संबंधित वकीलों को नोटिस जारी किए थे। इन पर मिली 14 आपत्तियों का निस्तारण भी किया जा चुका है। पहले 11 अक्टूबर को यह अभियान प्रस्तावित था, लेकिन आपत्तियों और अदालत में अपील के चलते इसे टालना पड़ा था। अब बार एसोसिएशन की मांग पर एक बार फिर कार्रवाई एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दी गई है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें