UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट की ओर से परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का रास्ता साफ करेगा। इससे संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने से संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का रास्ता खुल सकता है। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव के तहत 2011 की जनगणना को आधार बनाकर राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात बरकरार रखा जाएगा। इसी अनुपात में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी राज्य की हिस्सेदारी प्रभावित न हो।
सीएम योगी ने कहा कि महिला आरक्षण को शुरुआती तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू करने का प्रस्ताव है। आरक्षित सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने इसे देश की आधी आबादी को राजनीतिक व्यवस्था में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने की महत्वपूर्ण पहल बताया। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने की दिशा में सहयोग करना चाहिए। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि नारी शक्ति का सशक्तीकरण समृद्ध भारत के निर्माण का आधार है। यह पहल आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने का महत्वपूर्ण अवसर है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें