Ambedkar Nagar News: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं कोहरे व अंधेरे में गन्ना लदे वाहनों को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से एआरटीओ सत्येन्द्र कुमार यादव एवं यातायात प्रभारी जय बहादुर यादव ने अकबरपुर चीनी मिल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चीनी मिल में गन्ना लेकर आने वाले ट्रकों एवं किसानों की ट्रैक्टर-ट्रालियों पर रात्रि रिफ्लेक्टर लगाने के कार्य की प्रगति जांची गई, जिसे संतोषजनक पाया गया।
निरीक्षण के दौरान चीनी मिल के सहायक महाप्रबंधक (एचआर) कैलाश चौधरी, सहायक महाप्रबंधक (गन्ना) रघुबंश कुमार राव एवं उप प्रबंधक (एचआर) विपिन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने गन्ना किसानों एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, ओवरस्पीडिंग न करने, वाहन चलाते समय मोबाइल व ईयरफोन का इस्तेमाल न करने तथा दोपहिया वाहनों पर हेलमेट और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने की अपील की। साथ ही वाहन के सभी वैध कागजात साथ रखने की सलाह दी।
वहीं, चीनी मिल के इकाई प्रमुख पंकज शाही ने बताया कि मिल द्वारा अब तक 8.21 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की जा चुकी है। 17 नवंबर तक आपूर्ति किए गए गन्ने के सापेक्ष किसानों के बैंक खातों में 47.43 करोड़ रुपये का भुगतान भेजा जा चुका है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपना गन्ना कोल्हुओं पर औने-पौने दाम में बेचने के बजाय चीनी मिल में आपूर्ति कर उचित मूल्य प्राप्त करें। साथ ही गन्ना लदी ट्रालियों पर रात्रि रिफ्लेक्टर लगाने के अभियान में सहयोग करें।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें