Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) पूर्वी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनकर उभर रहा है। जिस गीडा में वर्ष 2004-05 में तत्कालीन समाजवादी पार्टी सरकार उद्योग लगाने के बजाय बूचड़खाना खोलने का प्रयास कर रही थी, आज वहां डेयरी, सीमेंट, स्टील और प्लास्टिक समेत कई बड़े उद्योग स्थापित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय सांसद रहते हुए उन्होंने सहजनवां के कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन किया था और स्पष्ट कहा था कि यदि विकास सैफई जा रहा है तो स्लॉटर हाउस भी वहीं ले जाइए, गोरखपुर अपना विकास स्वयं कर लेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर सेक्टर-7 में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 502 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही गीडा की नई वेबसाइट लॉन्च की और हैंडलूम एवं टेक्सटाइल उद्योगों को लेटर ऑफ कम्फर्ट वितरित किए। कार्यक्रम में 17,650 करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े एमओयू पर समझौते हुए। इनसे करीब 50 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 37 वर्ष पहले स्थापित गीडा के शुरुआती 28-30 साल अपेक्षित विकास से वंचित रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले सरकारी धन का उपयोग विकास के बजाय परिवारवाद और राजनीतिक हितों के लिए किया जाता था। उन्होंने सैफई महोत्सव का जिक्र करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के बजट का 80 से 85 प्रतिशत हिस्सा इसी आयोजन पर खर्च हो जाता था।
सीएम योगी ने कहा कि आज डबल इंजन सरकार प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में बिना भेदभाव विकास कार्य करा रही है। काशी विश्वनाथ धाम, श्रीराम मंदिर और नई अयोध्या, मां विंध्यवासिनी धाम, मां शाकंभरी धाम, नैमिषारण्य, कुशीनगर, श्रावस्ती और मगहर जैसे धार्मिक स्थलों का विकास कराया गया है। इसके अलावा महापुरुषों की प्रतिमाओं, मंदिरों और पार्कों का 4,030 से अधिक स्थानों पर सौंदर्यीकरण कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश की पहचान इंसेफेलाइटिस और माफिया वसूली से जुड़ी थी। इस बीमारी से गरीब परिवारों के बच्चों को अपनी जान गंवानी पड़ती थी और उद्योगपति भी माफिया के डर से निवेश करने से बचते थे। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने माफिया पर कार्रवाई और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के जरिए स्थिति में बदलाव किया है।
रक्षा उत्पादन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में एके-203 राइफल, वेबले स्कॉट रिवॉल्वर और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, गीडा में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव पहले ही जमीन पर उतर चुके हैं। धुरियापार की सीमेंट फैक्ट्री, गैलेंट और अंकुर उद्योग का स्टील प्लांट, तत्व प्लास्टिक, फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, खाद कारखाना, पिपराइच चीनी मिल और कालेसर-जंगल कौड़िया बाईपास नए गोरखपुर की पहचान बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर 463 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चकभोप आवासीय कॉलोनी का शुभारंभ किया। यहां आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और निम्न आय वर्ग (एलआईजी) सहित सभी वर्गों के लिए आवास की व्यवस्था होगी। श्रमिकों के लिए डॉर्मिटरी और सस्ते भोजन की सुविधा देने के लिए किचन भी बनाया जाएगा।
युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के लिए 25 एकड़ में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किया जाएगा। यहां गोरखपुर मंडल के साथ कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, मऊ, आजमगढ़, सिद्धार्थनगर, बस्ती और संतकबीरनगर के युवाओं को पंजीकरण, प्रशिक्षण और साक्षात्कार की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को एक ही छत के नीचे रोजगार से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

समारोह में गीडा के सीईओ और छह कंपनियों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों के बीच निवेश समझौतों का आदान-प्रदान हुआ। इनमें एक्मे क्लीनटेक सॉल्यूशंस, सिम्बायोटिक थेराप्यूटिक्स, ऑर्बिट इंडस्ट्रीज, एसआर मदर्स नेचर डिस्टिलरी, दीपक नेक्सजेन फीड्स और महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी शामिल हैं। इन समझौतों के तहत नवीकरणीय ऊर्जा, दवा निर्माण, औद्योगिक उत्पादन, कृषि आधारित उद्योग, जलीय पशु आहार और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में काम किया जाएगा। एमपीआईटी के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा, ड्रोन और 3डी तकनीक का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने ईडब्ल्यूएस और एलआईजी वर्ग के लाभार्थियों आलोक कुमार यादव और शुभम द्विवेदी को आवास आवंटन पत्र दिए। नए निवेशकों को भी आवंटन पत्र वितरित किए गए। नाइलिट गीडा स्टडी सेंटर के विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। ओडीओपी मार्जिन मनी योजना के तहत मनोज कुमार गुप्ता को 10 लाख, प्रीति शुक्ला को 16 लाख और राजकुमार को 5 लाख रुपये के चेक दिए गए। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और ओडीओपी प्रशिक्षण योजना के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर डिजिटल प्रदर्शनी, विभागीय स्टॉल, गोरखपुर ट्रेड शो और एक जनपद-एक व्यंजन (ओडीओसी) प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने गीडा प्रशासन और चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज से अपील की कि स्कूली बच्चों, व्यापारियों और उद्यमियों को ट्रेड शो दिखाया जाए, ताकि वे प्रदेश की उत्पादन क्षमता और स्थानीय उत्पादों से परिचित हो सकें। इस मौके पर एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक प्रदीप शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्यमी उपस्थित रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें