Ambedkar Nagar News: जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को अकबरपुर तहसील परिसर से बाइक रैली निकाली गई। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
रैली को रवाना करने के दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और मतदान के प्रति स्वयं जागरूक होने के साथ दूसरों को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को मतदान के महत्व से अवगत कराना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना है।
इस जागरूकता रैली के अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योत्सना बंधु और अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रंजीत सिंह सहित अकबरपुर नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस पहल के माध्यम से जिले में मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें