Ambedkar Nagar News: अकबरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नर्सिंग ऑफिसर आयशा सिद्दीकी की मौत हो गई। सर्वोदय स्कूल के पास अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के वक्त वह रात की ड्यूटी पूरी कर अपने घर लौट रही थीं।

जानकारी के अनुसार जमुनीपुर निवासी आयशा सिद्दीकी जिला अस्पताल परिसर स्थित एमसीएच विंग में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर तैनात थीं। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह स्कूटी से घर जा रही थीं। इसी दौरान सर्वोदय स्कूल के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आयशा अपने पति बृजेश कुमार और दो बच्चों के साथ रहती थीं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, जिला अस्पताल और एमसीएच विंग में उनके निधन की खबर पहुंचते ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें