UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 27 नवंबर को गोंडा जनपद का प्रस्तावित दौरा तय हो गया है। मुख्यमंत्री बेलसर ब्लॉक की न्याय पंचायत माधवपुर के ग्राम पंचायत ठड़क्कीपट्टी पहुंचेंगे। सीएम योगी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गांव में अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही बढ़ गई। कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के साथ भूमि सीमांकन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करेंगे।
एडीएम प्रमोद झा, सीआरओ रिंकी जायसवाल, एसडीएम सदर जितेंद्र वर्मा और एसडीएम तरबगंज सविता शुक्ला सहित कई अधिकारी मंगलवार सुबह ठड़क्कीपट्टी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और मौके पर उपलब्ध जमीन तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान कानूनगो और लेखपालों को भूमि का सीमांकन कर कार्यक्रम स्थल को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अधिकारियों ने आयोजन स्थल की क्षमता और जरूरी सुविधाओं की भी समीक्षा की।
एसडीएम तरबगंज सविता शुक्ला ने राजस्व कर्मचारियों को विशेष निर्देश दिए कि कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान किसानों के खेतों और मेड़ों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद खेतों की सीमाओं को लेकर किसानों के बीच विवाद की स्थिति नहीं बननी चाहिए। यदि तैयारियों के दौरान किसी खेत की मेड़ टूटती है या जमीन को नुकसान पहुंचता है तो उसे पहले की स्थिति में दुरुस्त कराया जाए। प्रशासन का उद्देश्य है कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम भी व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो और किसानों को किसी तरह की परेशानी भी न हो।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करेंगे। इसे विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। तैयारियों के दौरान विधायक प्रतिनिधि विनोद पांडेय, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि परीक्षित तिवारी, शिक्षामित्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार शुक्ल सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। विदित हो कि इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोंडा के जयप्रभाग्राम में आयोजित कथा कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम था। उनकी मां के निधन की सूचना मिलने के बाद दौरा रद्द हो गया था। उस समय मुख्यमंत्री गोरखपुर से लखनऊ और फिर पैतृक गांव पंचूर चले गए थे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें