Punjab Politics: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा दांव चल दिया है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने करीब छह साल बाद एक बार फिर हाथ मिला लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का ऐलान किया। इस फैसले के साथ दोनों दलों ने पंजाब विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने की घोषणा की है।
गठबंधन की घोषणा के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा सीटों के बंटवारे और मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर हो रही है। अमित शाह ने स्पष्ट किया कि पंजाब में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जो बड़ा भाई होता है, वही मुख्यमंत्री बनता है। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दोनों दलों की प्राथमिकता पंजाब को नशामुक्त बनाना, सीमावर्ती राज्य की सुरक्षा मजबूत करना और गैंगस्टर नेटवर्क का सफाया करना होगा। गृह मंत्री ने कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर ऑपरेशन सिंदूर के बाद अस्थाई तौर पर बंद हो गया था. इस यात्रा की शुरुआत मोदी सरकार ने ही की थी. जैसे ही माहौल बनता है, हम उसको शुरू करेंगे। इसके अलावा किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार और राज्य के आर्थिक विकास को लेकर भी चर्चा हुई है।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों में भाजपा और अकाली दल के नेताओं के बीच कई दौर की बातचीत हुई है। इन चर्चाओं के आधार पर पंजाब के विकास के लिए एक रोडमैप तैयार किया गया है। गठबंधन का विस्तृत घोषणापत्र बाद में जारी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे का अंतिम फॉर्मूला घोषित नहीं हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार भाजपा को करीब 40 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
भाजपा और अकाली दल का गठबंधन करीब 24 साल पुराना था। सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के रास्ते अलग हो गए थे। किसानों के आंदोलन के बीच हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद अकाली दल ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। अब छह साल बाद दोनों दलों की वापसी से पंजाब की चुनावी राजनीति में नया गठबंधन सामने आया है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें