Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज देर रात फिर से सक्रिय हो गया है। पेज बंद होने के बाद पार्टी के नेताओं और समर्थकों के बीच चिंता बढ़ गई थी। लकिन, अब पेज दोबारा चालू
होने से पार्टी को राहत मिली है। समाजवादी पार्टी ने इसके लिए मेटा का धन्यवाद किया है।
सपा ने अपने आधिकारिक X अकाउंट के जरिए फेसबुक पेज बहाल होने की जानकारी दी। इससे पहले सोमवार शाम को अखिलेश यादव का फेसबुक पेज अचानक बंद हो गया था। इस पेज पर 90 लाख से ज्यादा लोग जुड़े हुए हैं। ऐसे में पेज बंद होने से पार्टी की सोशल मीडिया पर लोगों तक पहुंच को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
अखिलेश यादव ने 20 नवंबर को ही मेटा को लेकर अपनी नाराजगी जताई थी। उन्होंने X पर लिखा था कि दूसरे देशों की कंपनियां भारत में कारोबार करें, लेकिन यहां की राजनीति में दखल न दें। साथ ही उन्होंने ये भी कहा था कि एक अच्छी कंपनी की पहचान सभी के साथ बराबरी का व्यवहार करने से होती है।
फेसबुक पेज बंद होने के बाद समाजवादी पार्टी ने कहा था कि तकनीकी समस्या के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष का आधिकारिक पेज अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं है। वहीं, सपा प्रवक्ता और पूर्व MLC उदयवीर ने आरोप लगाया था कि भाजपा सरकार विदेशी कंपनियों पर दबाव बनाकर विपक्षी नेताओं के साथ भेदभाव करवा रही है।
यह पहली बार नहीं है जब अखिलेश यादव का फेसबुक पेज बंद हुआ हो। इससे पहले 10 अक्टूबर 2025 को भी उनका अकाउंट निलंबित किया गया था। हालांकि, अगले दिन सुबह ही मेटा ने उसे बहाल कर दिया था। अब एक बार फिर पेज बंद होने और फिर बहाल होने के मामले ने सोशल मीडिया पर राजनीतिक चर्चा तेज कर दी है। फिलहाल पेज बहाल होने से अखिलेश यादव के समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को राहत मिली है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें