Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नांगल सोती गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे नजीबाबाद के एक परिवार के चार लोग नदी में डूब गए। घटना में 12 साल की बालिका दिव्यानी को सुरक्षित नदी से निकाल लिया गया। वहीं एक महिला और दो किशोरों की तलाश की जा रही है। एक ही परिवार के चार लोगों के नदी में डूब जाने पर घाट पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। परिवार के सदस्यों के लापता होने से घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार नजीबाबाद के मोहल्ला रम्पुरा में रहने वाले परिवार के सदस्य नांगल सोती गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान 22 वर्षीय डॉली उर्फ गुड़िया पत्नी अरविंद कुमार, 17 वर्षीय सूरज उर्फ छोटू पुत्र राजू सैनी, 16 वर्षीय हर्षित पुत्र प्रमोद और 12 वर्षीय दिव्यानी पुत्री संजीव गंगा में डूब गए।
लोगों को नदी में डूबते देख घाट पर हड़कंप मच गया। घाट पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दिव्यानी को किसी तरह पानी से बाहर निकाला। लेकिन डॉली, सूरज और हर्षित का पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। लापता तीनों सदस्यों की तलाश के लिए गोताखोरों को गंगा में उतारा गया है। बताया जा रहा है कि डूबने वाले सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं।
हादसे की जानकारी होते ही एएसपी सिटी डॉ. केजी सिंह, एडीएम अंशिका दीक्षित और एसडीएम प्रशांत वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंच गये। अधिकारी मौके पर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। गोताखोर लगातार गंगा नदी में डूबे लोगों की तलाश कर रहे हैं। घटना के लगभग तीन घंटे बाद भी एनडीआरएफ या अन्य विशेष बचाव दल के मौके पर नहीं पहुंची थी जिसको लेकर परिजनों में नाराजगी है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में लापता लोगों की खोजबीन जारी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें