Ambedkar Nagar News: जैतपुर थाना क्षेत्र के रेहता खुर्द गांव में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले 53 वर्षीय अशोक मौर्य की इलाज के दौरान मौत हो गई। पिता की मौत के बाद चार मासूम बच्चों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, अशोक मौर्य पुत्र रामरतन मौर्य बुधवार को करीब शाम 4:30 बजे तिघरा बाजार के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसा करने वाले वाहन का नंबर यूपी 62 एएच 9575 बताया जा रहा है। वाहन की नंबर प्लेट टूटकर घटनास्थल पर गिर गई थी।
गुरुवार रात पोस्टमार्टम के बाद अशोक मौर्य का शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। अशोक के चार बच्चे अभिषेक (16), आनंद (14), अभिनव (12) और प्रियांशी (8) हैं। बच्चों की मां का पहले ही निधन हो चुका है। अब पिता की मौत के बाद चारों बच्चे पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं। शुक्रवार सुबह बच्चों के भरण-पोषण और परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रामगढ़-जलालपुर मार्ग पर अचल नगर चौराहे के पास जाम लगा दिया। ग्रामीण पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें