CM Yogi Janata Darshan: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बड़ा आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा, ताकि उन्हें इलाज कराने में किसी तरह की परेशानी न हो। यदि आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाली सहायता पर्याप्त नहीं होगी तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान करीब 150 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और उपचार में हरसंभव मदद की जाएगी।
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद को आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित नहीं रहना चाहिए। सीएम योगी ने लोगों के प्रार्थना पत्र स्वयं लेकर उनकी समस्याओं को समझा और संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से किया जाना चाहिए।
जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का उचित समाधान कराया जाएगा। जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में परंपरागत दिनचर्या का पालन किया।
उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ का आशीर्वाद लिया। इसके बाद मंदिर की गोशाला पहुंचकर गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से गायों को रोटी और गुड़ खिलाया। इस दौरान उन्होंने भोलू नाम के बछड़े और छुटकी नाम की बछिया को आवाज देकर अपने पास बुलाया और उन्हें दुलार किया। गोवंश के करीब आने पर मुख्यमंत्री ने प्यार से उन्हें अपनी जगह पर रहने की सलाह दी, ताकि किसी को चोट न लगे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें