Gorakhpur News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर पहुंचे। उनके आगमन को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में खास उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक उनके स्वागत के लिए जुटे। ढोल-नगाड़ों की गूंज और फरुआही नृत्य के बीच कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का स्वागत किया। अखिलेश यादव एयरपोर्ट से समाजवादी रथ पर सवार होकर चौरीचौरा क्षेत्र के देवकही गांव के लिए रवाना होंगे। करीब 20 किलोमीटर लंबे इस रोड शो के रास्ते में कई जगह कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत की तैयारी की है। कुनराघाट तिराहे पर दो क्रेन लगाई गई हैं, जहां उनका भव्य स्वागत करने की तैयारियाँ है।
देवकही में करेंगे जनसभा और प्रतिमा का अनावरण
रोड शो के बाद अखिलेश यादव देवकही गांव पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां वह अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही दिवंगत विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे।
भाजपा के पूर्व कार्यकर्ता ने थामा सपा का दामन
अखिलेश यादव के दौरे के बीच चौरीचौरा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल भी देखने को मिल रही है। गांव-गांव से कार्यकर्ता रैलियों के रूप में कार्यक्रम में शामिल होने पहुंच रहे हैं। इस दौरान भाजपा में मंडल अध्यक्ष से लेकर जिला स्तर तक जिम्मेदारी निभा चुके यशोदानंद ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ले ली। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय ही कार्यकर्ताओं को महत्व दिया जाता है, जबकि बाद में उनकी सुध लेने वाला भी कोई नहीं रहता। उन्होंने स्थानीय सपा प्रत्याशी टप्पू सिंह के समर्थन में पार्टी से जुड़ने की बात कही।
देवकही का कार्यक्रम पूरा करने के बाद अखिलेश यादव धर्मशाला बाजार स्थित तिवारी हाता जाएंगे। यहां दोपहर 3:45 बजे उनकी पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी उर्फ कुशल तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी से मुलाकात प्रस्तावित है। इसके बाद शाम 4:15 बजे वह एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। शाम 4:45 बजे निजी विमान से लखनऊ लौटने का कार्यक्रम है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें