Nand Gopal Gupta Nandi: प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' की मां विमला देवी का बुधवार को निधन हो गया। वह 85 वर्ष की थीं और लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उन्होंने प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। मां विमला देवी के निधन की जानकारी खुद मंत्री नंदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक पोस्ट साझा कर दी। जानकारी के मुताबिक नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' की मां विमला देवी सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं।
पिछले करीब एक सप्ताह से प्रयागराज के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बीते एक साल के दौरान भी उनकी तबीयत कई बार बिगड़ी थी, जिसके चलते उन्हें दो से तीन बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। मां के निधन की खबर से उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। मां के निधन से मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी गहरे दुख में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मां की तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा।

उन्होंने कहा कि आज मां की छाया उनके सिर से उठ गई। पिता के निधन के बाद उनकी मां ने ही पूरे परिवार को संभाला था। नंदी ने पोस्ट में लिखा कि मां का स्नेह, ममत्व और आशीर्वाद उन्हें जीवन की हर कठिनाई से लड़ने की ताकत देता था। उनकी मौजूदगी जीवन में ईश्वर की मौजूदगी जैसी थी। इसके साथ ही मंत्री नंद गोपाल नंदी ने सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट शेयर किया। जिसमें उन्होंने लिखा कि माताजी का स्वर्गवास हो गया है। यह हमारे परिवार के लिए बेहद कष्टप्रद है। उन्होंने आगे लिखा कि माताजी का अंतिम संस्कार दारागंज श्मशान घाट पर अपरान्ह तीन बजे होगा। मां के निधन के समय मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' लखनऊ में मौजूद थे। सूचना मिलते ही वह प्रयागराज के लिए रवाना हो गए।
नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री हैं। उनकी पत्नी अभिलाषा गुप्ता प्रयागराज की महापौर रह चुकी हैं। नंदी का राजनीतिक सफर भी काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वर्ष 2010 में उन पर जानलेवा हमला हुआ था। इसके बाद भी उन्होंने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने प्रयागराज दक्षिण विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद योगी आदित्यनाथ सरकार में उन्हें मंत्री बनाया गया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें