Tuesday, 17 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP Agriculture Export: विदेशों में बढ़ा यूपी के फल-सब्जियों का जलवा, 15 उत्पादों का निर्यात 489 करोड़ रुपये के पार

UP Agriculture Export: प्रदेश के आलू, अंगूर, अनार, संतरा, तरबूज, हरी मटर, आम और अमरूद जैसे बागवानी उत्पादों की विदेशों में मांग लगातार बढ़ रही है। खास बात यह है कि अब यूपी के उत्पाद केवल ताजे फल और सब्जियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रसंस्कृत और संरक्षित खाद्य उ
Bureau
Bureau News Desk
17 Nov 2026
05:17 PM
1 min read
UP Agriculture Export: विदेशों में बढ़ा यूपी के फल-सब्जियों का जलवा, 15 उत्पादों का निर्यात 489 करोड़ रुपये के पार
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
नेपाल से लेकर अमेरिका और जर्मनी तक पहुंच रहे यूपी के उत्पादों की भी बढ़ी मांग
किसानों की आय बढ़ाने पर योगी सरकार का जोर
489 करोड़ रुपये के बागवानी उत्पादों का निर्यात
नेपाल में यूपी के आलू और अंगूर की भारी मांग

UP Agriculture Export: उत्तर प्रदेश के कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिल रही है। राज्य के आलू, अंगूर, अनार, संतरा, तरबूज, हरी मटर, आम और अमरूद जैसे बागवानी उत्पादों की विदेशों में मांग लगातार बढ़ रही है। खास बात यह है कि अब यूपी के उत्पाद केवल ताजे फल और सब्जियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रसंस्कृत और संरक्षित खाद्य उत्पाद भी विदेशी बाजारों में अपनी जगह बना रहे हैं। निर्यात के मामले में नेपाल उत्तर प्रदेश के बागवानी उत्पादों का सबसे बड़ा खरीदार बनकर सामने आया है।

अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बाबू लाल मीणा के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों की आय बढ़ाने के लिए उत्पादन के साथ गुणवत्ता, भंडारण, प्रसंस्करण और निर्यात सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। बागवानी उत्पादों के निर्यात मूल्य के आधार पर शीर्ष 15 उत्पादों का कुल निर्यात 489.01 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। इसमें आलू और उससे तैयार उत्पादों की सबसे महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है। ताजा और शीतित आलू का निर्यात 146.03 करोड़ रुपये रहा, जबकि आलू के फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात 103.24 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इस तरह इन दोनों श्रेणियों का कुल निर्यात मूल्य 249.27 करोड़ रुपये रहा।

उत्तर प्रदेश के बागवानी उत्पादों के लिए नेपाल सबसे बड़ा विदेशी बाजार बनकर उभरा है। ताजा और शीतित आलू के कुल 146.03 करोड़ रुपये के निर्यात में अकेले नेपाल की हिस्सेदारी 145.12 करोड़ रुपये रही। इसी तरह 34.89 करोड़ रुपये के ताजे अंगूर का निर्यात पूरी तरह नेपाल को किया गया। अनार के निर्यात में नेपाल की हिस्सेदारी 24.75 करोड़ रुपये रही। संतरे के 21.19 करोड़ रुपये और नींबू-लाइम के 15.71 करोड़ रुपये के निर्यात में भी नेपाल प्रमुख खरीदार रहा।

यूपी के प्रसंस्कृत आलू उत्पादों की मांग दूसरे देशों में भी बढ़ रही है। आलू के फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का जापान को 44.06 करोड़ रुपये, मलेशिया को 17.43 करोड़ रुपये, इजरायल को 11.89 करोड़ रुपये और इंडोनेशिया को 11.44 करोड़ रुपये का निर्यात किया गया। इसके अलावा सूखे आलू के उत्पादों की आपूर्ति नेपाल, अमेरिका और जर्मनी जैसे देशों में भी की जा रही है।

प्रदेश की सब्जियों की मांग यूरोपीय और अमेरिकी बाजारों में भी बढ़ रही है। सूखी निर्जलित सब्जियों का निर्यात 23.51 करोड़ रुपये रहा, जिसमें जर्मनी को अकेले 19.70 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए। वहीं फ्रोजन मटर का निर्यात 12.16 करोड़ रुपये और हरी मटर का निर्यात 11.99 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। फ्रोजन मटर सऊदी अरब, नेपाल, कनाडा और यूएई पहुंच रही है, जबकि हरी मटर की मांग अमेरिका और जर्मनी में भी बनी हुई है। इसके अलावा तरबूज का 20.37 करोड़ रुपये, अन्य सब्जियों का 18.03 करोड़ रुपये, ताजे आम का 10.53 करोड़ रुपये और अमरूद का 5.18 करोड़ रुपये का निर्यात दर्ज किया गया। 

Explore Related Topics

UP Agriculture Export Uttar Pradesh Export News Yogi Adityanath

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News