BJP Strategy Meeting: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने रणनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। मथुरा के फरह ब्लॉक स्थित परखम गांव में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय योजना बैठक मंगलवार को संपन्न हो गई। बैठक में लगातार दो दिनों तक आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। मथुरा में आयोजित इस बैठक में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित लगभग 55 वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और पार्टी के रणनीतिकार शामिल हुए।
भाजपा की मथुरा में दो दिनों तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक का मुख्य मकसद आगामी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाना और पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करना था। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुई इस बैठक में चुनावी प्रबंधन, संगठन को मजबूत बनाने और हर घर तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने जैसे मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक के दौरान राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही जनसंपर्क अभियान को प्रभावी करने, सरकार-संगठन के बीच तालमेल को मजबूत बनाने और आम जनमानस तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने जैसे विषयों पर भी मंथन किया गया। मथुरा के परखम गांव में दो दिनों तक चले बीजेपी के मंथन में वरिष्ठ नेताओं और विशेषज्ञों की ओर से चुनाव को लेकर कई सुझाव दिए गए। पहले दिन की बैठक में चर्चा और सामने आए सुझावों की रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के सामने प्रस्तुत की गई।
पार्टी नेतृत्व ने सुझावों को विचार किया। साथ ही आगामी चुनाव के लिए कार्ययोजना तैयार करने और संगठनात्मक स्तर पर जरूरी कदम उठाने पर चर्चा की गयी। मंगलवार को बैठक खत्म होने के तुरंत बाद सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वहीं भाजपा नेतृत्व मथुरा में हुई चर्चा और तय की रणनीति के आधार पर प्रदेश स्तर पर चुनावी प्रबंधन को आगे बढ़ाएगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें