Mathura Road Accident: प्रदेश के मथुरा जनपद में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार की तीन लोगों की मौत हो गई। जिले के राया थाना क्षेत्र अन्तर्गत गजू गांव के पास बरेली हाईवे पर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और खेत में जा घुसी। अनियंत्रित कार ने खेत में काम कर रहे दादा, पिता और पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। जबकि गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान गजू गांव में रहने वाले जवाहर सिंह (70), उनके बेटे हरवीर सिंह (30) और बेटे अंकित सिंह (24) के रूप में हुई है। जवाहर सिंह खेत में पूर्वजों की समाधि को पक्का बनवा रहे थे। खेत बरेली हाईवे से करीब 200 मीटर दूर है। गुरुवार सुबह खेत में काम चल रहा है और तीनों अपने काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान बरेली की ओर से मथुरा जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित हो गयी और हाइवे से उतरकर खेत में घुस गई।
तेज रफ्तार कार ने खेत में काम कर रहे तीनों लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। इसके बाद कार खेत में रखे पत्थर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के शीशे टूट गए और छत भी दब गई। कार चालक अमन शर्मा स्टेयरिंग और सीट के बीच फंस गया था। घटना की जानकारी होने पर राया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार का गेट काटकर चालक को बाहर निकाला। कार चालक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि चालक अमन शर्मा वृंदावन के कैलाश नगर का रहने वाला है। वह स्टेशनरी की दुकान चलाता है। वह अलीगढ़ से वृंदावन लौट रहा था। पूछताछ में बताया कि उसे झपकी लग गयी थी जिसके चलते कार अनियंत्रित हो गई। वहीं एक ही परिवार के तीन लोगों की हादसे में मौत हो जाने से नाराज ग्रामीणों ने बरेली हाईवे पर जाम लगा दिया। जिसके चलते वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुल सका। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें