Mathura BJP Meeting: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी की तैयारियां चरम पर पहुंचने लगी हैं। यूपी में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए भाजपा कोई कोर कसर छोड़ना नहीं चाह रही है। चुनाव में अपने जीवन को लक्ष्य को साधने के लिए भाजपा ने मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में दो दिवसीय चिंतन बैठक की शुरूआत कर दी है। भाजपा की इस चिंतन बैठक में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए।
सोमवार को बैठक में शामिल होने के लिए सीएम योगी हेलिकॉप्टर से मथुरा जनपद पहुंचे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ ही दोनों उपमुख्यमंत्री और राज्य के कई वरिष्ठ नेता भी बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा में आयोजित दो दिवसीय बैठक का मुख्य मकसद आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करना और संगठन की मौजूदा स्थिति का आकलन करना है। चुनाव से पहले पार्टी नेतृत्व की यह भरसक कोशिश है कि संगठन की सभी कमजोरियों का चिन्हित किया जाए और समय रहते उनका समाधान कर दिया जाए। साथ ही पार्टी नेतृत्व का कार्यकर्ताओं की नाराजगी समझने और बूथ स्तर पर पकड़ मजबूत करने पर फोकस रहेगा।
चिंतन बैठक में राज्य के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। पार्टी का लक्ष्य चुनाव से पहले हर क्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाना है। इसके लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी और शक्ति केंद्रों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। बैठक में पार्टी का शीर्ष नेतृत्व यह भी आकलन करेगा कि संगठन की योजनाएं और कार्यक्रम जमीनी स्तर पर कितने प्रभावी ढंग से लागू हो रहे हैं।
साथ ही कार्यकर्ताओं की समस्याओं और उनकी नाराजगी को दूर करने के उपायों पर भी चर्चा होगी। इस बार भाजपा ने उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों को मजबूत करने के लिए दूसरे राज्यों के अनुभवी संगठन नेताओं को भी शामिल करने की योजना बनाई है। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश-तेलंगाना, राजस्थान, झारखंड और महाराष्ट्र के संगठन पदाधिकारियों को बैठक में आमंत्रित किया गया है। दूसरे राज्यों से बैठक में पहुंचे नेता अपने-अपने राज्यों में चुनावी अनुभव के साथ ही संगठन संचालन के आधार पर उत्तर प्रदेश में चुनाव की तैयारियों का आकलन प्रस्तुत करेंगे।
इन नेताओं के सुझावों को भी विशेष तरजीह दी जाएगी। उनके अनुभवों के जरिए संगठन की कमियों को पहचानने और चुनावी रणनीति को अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश की जाएगी। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी पहुंचेंगे। चिंतन बैठक में संगठन और सरकार के बीच समन्वय स्थापित करने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने और आगामी चुनाव के लिए प्राथमिकताएं निर्धारित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। भाजपा का लक्ष्य विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें