Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान एक बार फिर उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों चर्चा में हैं। सोमवार को आजम खान की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। जिस पर कोर्ट ने एक बार फिर उन्हें दस दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वरिष्ठ नेता आजम खान के समर्थन में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि आजम खान के साथ लगातार नाइंसाफी हो रही है। इसका जवाब उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता समय आने पर देगी। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सपा मुखिया ने आगे लिखा कि जुल्म करने वाली भाजपा सरकार को यह याद रखना चाहिए कि सत्ता हमेशा किसी एक के हाथ में नहीं रहती। सत्ता का हमेशा सदुपयोग ही करना चाहिए। दुरूपयोग कतई नहीं करना चाहिए। सब, सब समझ रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसे पूर्व मंत्री आजम खान की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने आजम खान को दस दिन की न्यायिक हिरासत में गाजियाबाद जेल भेजने का आदेश दे दिया है। वहीं जमानत याचिका पर अब अगली सुनवाई के लिए 26 नवंबर की तारीख तय की गयी है। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम खान ईडी की कस्टडी में थे। उनकी कस्टडी रिमांड सोमवार को समाप्त हो रही थी। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
अब जमानत याचिका पर अगली सुनवाई होने तक आजम खान जेल में रहना होगा। उल्लेखनीय है कि बीते 31 अक्टूबर को पूर्व मंत्री आजम खान रामपुर जेल से रिहा हुए थे। जेल से रिहा होने के कुछ ही देर बाद प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद आजम खान को गाजियाबाद ले जाया गया और डासना जेल में रखा गया। इस केस में गिरफ्तारी के बाद आजम खान जमानत के लिए उच्चतम न्यायालय की शरण में पहुंचे थे।
जमानत याचिका पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने सुनवाई की। उच्च न्यायालय ने मामले को इलाहाबाद उच्च न्यायालय को ट्रांसफर कर दिया था। साथ ही निर्देश दिया था कि सुनवाई वाले दिन ही जमानत याचिका पर अंतरिम आदेश भी पारित किया जाए। उच्चतम न्यायालय में आजम की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने पैरवी की थी। उन्होंने ईडी की कार्रवाई पर सवाल खड़े किये थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि आजम खान के खिलाफ यह कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें