UP News: उत्तर प्रदेश में रबी फसलों की बुआई को देखते हुए योगी सरकार ने नकली और घटिया गुणवत्ता वाले बीजों की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अनियमितता मिलने पर पांच बीज विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए, जबकि पांच प्रतिष्ठानों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। शासन की ओर से 27 अक्टूबर को सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को बीज विक्रेताओं की दुकानों तथा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद पूरे प्रदेश में सघन छापेमारी अभियान शुरू किया गया।
जांच अभियान के दौरान प्रदेशभर में कुल 2,858 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान बीजों की गुणवत्ता जांचने के लिए 1,865 नमूने एकत्र किए गए। जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर पांच विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त किए गए और पांच प्रतिष्ठानों की बिक्री प्रतिबंधित कर दी गई। इसके अलावा 188 बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं, 26 विक्रेताओं को चेतावनी भी दी गई है।
सरकार का उद्देश्य रबी सीजन में किसानों को नकली, मिलावटी और अधोमानक बीजों से बचाना है, ताकि उनकी फसल और आर्थिक नुकसान की आशंका कम हो सके।शासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। गुणवत्ताहीन बीज बेचने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसानों को उचित मूल्य पर प्रमाणित और उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें