UP IAS Transfer: प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने सोमवार को 16 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस तबादला सूची में दो मंडलायुक्तों की अदला-बदली के साथ कई जिलों के जिलाधिकारियों को भी बदला गया है। औद्योगिक विकास, नगर विकास और अन्य महत्वपूर्ण विभागों में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
नियुक्ति विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार के. विजयेन्द्र पांडियन को कानपुर मंडलायुक्त के पद से हटाकर वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम अब कानपुर मंडल की जिम्मेदारी संभालेंगे। रविकुमार एनजी को ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर के पद से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का सीईओ बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग में आयुक्त एवं निदेशक की जिम्मेदारी भी दी गई है। डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर नियुक्त किया गया है।

भदोही के डीएम शैलेश कुमार को चंदौली का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं अनिल कुमार सिंह को भदोही का नया जिलाधिकारी और भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। चंदौली के डीएम चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव बनाया गया है। रमेश रंजन को गोंडा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि गोंडा की डीएम प्रियंका निरंजन को विशेष सचिव, नगर विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उमेश मिश्रा को जौनपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। जौनपुर के डीएम सैमुएल पॉल एन अब अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां का कार्यभार संभालेंगे। मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, श्रावस्ती की डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में तैनाती मिली है।
शामली के जिलाधिकारी आलोक यादव को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स बनाया गया है। उनकी जगह ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण वर्मा को शामली का नया डीएम नियुक्त किया गया है। श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल को कई महत्वपूर्ण अतिरिक्त जिम्मेदारियां दी गई हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी भी दी गई है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें