Prayagraj News: प्रदेश के प्रयागराज जनपद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दुकानदार ने अपनी दुकान पर महिलाओं के आने पर ही रोक लगा दी है। दुकानदार ने दुकान के बाहर बाकायदा एक बोर्ड लगाया है। जिस पर साफ लिखा हुआ है कि इस दुकान पर औरतों का आना मना है। केवल पुरुष वर्ग ही आ सकते हैं। इसके साथ ही एक और संदेश बोर्ड में लिखा गया है कि हे भगवान! इस दुकान पर कम से कम ग्राहक भेजना। दुकानदार के इन अनोखे संदेशों का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल दुकानदार ने शराबियों की हरकतों से परेशान होकर अपनी दुकान के बाहर यह बोर्ड लगाया है।
मामला प्रयागराज के राजापुर इलाके का है। राजापुर में रहने वाले घनश्याम बाबा की दुकान के आसपास शाम होते ही शराबी एकत्रित हो जाते हैं। दुकानदार का कहना है कि इलाके में आबादी कम है। आसपास ज्यादा मकान भी नहीं बने हैं। इसी का लाभ उठा शाम ढलते ही शराबी दुकान के आसपास आकर बैठ जाते हैं। नशे में धुत होने के बाद वहां से गुजरने वाले लोगों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं। खासकर दुकान पर सामान खरीदने के लिए आने वाली महिलाओं को देखकर शराबी फब्तियां कसते हैं।
शराबियों की यह हरकत महिलाओं को असहज कर देती है। घनश्याम बाबा के मुताबिक पहले उनकी दुकान पर महिलाएं सामान खरीदने के लिए आती थी। लेकिन शराबियों की मौजूदगी और उनके व्यवहार से महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। उन्हें यह आशंका थी कि कहीं कोई अप्रिय घटना न हो जाए। इसी आशंका के चलते दुकानदार ने अपनी दुकान पर महिलाओं के प्रवेश पर रोक लगा दी। घनश्याम बाबा की दुकान की एक और बड़ी खासियत है।
उन्होंने अपनी दुकान की दीवारों पर रामचरितमानस की चौपाइयां और संत कबीर के दोहे लिखवाएं हुए हैं। धार्मिक संदेशों के बीच महिलाओं के प्रवेश पर रोक लोगों का ध्यान खींच रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। दुकान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिस पर यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। कुछ लोग दुकानदार की प्रशंसा कर रहे है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि इलाके के शराबियों की गलतियों की सजा महिलाओं को देना उचित नहीं है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें