UP News: उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सेवापुस्तिका में एक कर्मचारी की गलत प्रविष्टि दर्ज कराने के मामले में अनिल भूषण समेत दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। अदालत के आदेश पर परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी) के तत्कालीन सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी और वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय को नामजद किया गया है। कर्नलगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एफआईआर के मुताबिक सिविल लाइंस में रहने वाले शशि कुमार यादव ने कोर्ट में यह शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि साल 1995 से वह परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय में कार्यरत थे। बीमारी के चलते उन्होंने एक से 31 मार्च 2021 तक अवकाश लिया था। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई 2021 को उनके अवकाश को वेतन समेत स्वीकृति भी मिल गई थी। आरोप यह है कि 24 जून 2021 को तत्कालीन सचिव के निर्देश पर वरिष्ठ सहायक इष्टदेव उपाध्याय ने उनकी मूल सेवापुस्तिका और निजी पत्रावली मंगवाई थी।
इसके बाद जब सेवापुस्तिका वापस दी गयी तो उसमें 31 मार्च 2021 की तिथि से प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज थी। शिकायतकर्ता शशि कुमार यादव का यह दावा है कि 22 जून 2021 को सेवापुस्तिका की प्रमाणित प्रति में ऐसी कोई भी प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज नहीं थी। सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत मिली जानकारी और कार्यालय के रजिस्टर के आधार पर उन्होंने यह आरोप लगाया कि बाद में प्रविष्टि दर्ज कर उसमें पुरानी तिथि अंकित की गयी है।
इस मामले में कर्नलगंज थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। वहीं इस मामले पर बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने कहा कि फिलहाल उन्हें एफआईआर के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि सेवापुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि किस परिस्थिति और किसके निर्देश पर दर्ज की गई थी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें