Ambedkar Nagar News: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में ईवीएम प्रदर्शन एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसके तहत मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट परिसर में अलग से बनाए गए ईवीएम वेयरहाउस से अपनी उपस्थिति में जनपद की सभी तहसीलों को ईडीसी (EDC) हेतु ईवीएम मशीनों का वितरण कराया। इसके बाद उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्स्ना बंधु के साथ जनपद में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के साथ-साथ प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अधिकारी के मुख्यालय पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं।
इन केंद्रों पर पहुंचने वाले मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली, मतदान की पूरी प्रक्रिया और वीवीपैट से निकलने वाली पेपर पर्ची के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इतना ही नहीं, मॉक बैलेट के माध्यम से मतदाताओं को मतदान का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया जाएगा, जिससे वे स्वयं मतदान प्रक्रिया को समझ सकें और अपनी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान कर सकें। प्रशासन के मुताबिक ईवीएम प्रदर्शन केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे।
यह जागरूकता अभियान विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की अधिसूचना जारी होने तक जारी रहेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना और ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी देकर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. महेश चंद्र द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें