UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर क्षेत्र स्थित पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि शनिवार को हरिद्वार में सीएम योगी की माता के पार्थिव शरीर कर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भी अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। शुक्रवार को मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिये गये। इसके बाद वह माता के अंतिम दर्शन के लिए उत्तराखंड जाएंगे। मुख्यमंत्री इसी साल मई माह में अपनी मां से आखिरी बार मिले थे और उनका आशीर्वाद लिया था। उस समय यह किसी ने भी नहीं सोचा होगा कि मां-बेटे की यह आखिरी मुलाकात होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने शोक जताया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भी सीएम योगी की मां के निधन पर संवेदना प्रकट की है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के स्वर्गवास का समाचार सुन दुख की अनुभूति हुई। जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे असहनीय होता है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शोक जताते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन का समाचार पीड़ादायक है। मां का साया जीवन में बड़ा संबल होता है। उनके जाने से उपजे दुख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने पोस्ट में लिखा कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी का स्वर्गवास अत्यंत दुखद है। मां का दुनिया से जाना जीवन की ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई कभी भी कोई नहीं कर सकता है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवदेनाएं मुख्यमंत्री और शोकाकुल परिजनों के साथ है। प्रभुश्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान दें और मुख्यमंत्री व उनके परिजनों को दुख सहन करने का संबल प्रदान करें।

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने अपने पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के देवलोकगमन का समाचार दुखद है। मां का जाना जीवन की ऐसी अपूरणीय क्षति है जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है। इसी कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं आपके साथ है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक जताया। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। माँ का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा माननीय योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

भाजपा प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह सिंह ने शोक जताते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मातृशक्ति का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होती है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएँ माननीय मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा मुख्यमंत्री एवं परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति और संबल प्रदान करें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर बसपा प्रमुख मायावती ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा निधन की ख़बर अति-दुखद। उनके परिवार सहित सभी रिश्तेदारों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उप्र के मुख्यमंत्री की माता के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि के साथ उनकी आत्मा की शांति के लिए हम प्रार्थना करते हैं। शोक संतप्त परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें