Friday, 20 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP News: सब्जी-फल उत्पादन में यूपी बना अव्वल, आलू-मटर की खेती में भी कायम किया दबदबा

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कई प्रयास कर रही है।
Bureau
Bureau News Desk
20 Nov 2026
03:00 PM
1 min read
UP News: सब्जी-फल उत्पादन में यूपी बना अव्वल, आलू-मटर की खेती में भी कायम किया दबदबा
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की रिपोर्ट में यूपी की बड़ी उपलब्धि
देश के कुल उत्पादन में 17.76 प्रतिशत हिस्सेदारी
सब्जी उत्पादन में यूपी की 20 प्रतिशत हिस्सेदारी
मटर उत्पादन में देश का आधे से अधिक हिस्सा यूपी का

UP News: प्रदेश कृषि और बागवानी के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कई प्रयास कर रही है। इन प्रयासों का असर अब राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (एनएचबी) के वर्ष 2025-26 के तीसरे अग्रिम अनुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश बागवानी उत्पादन, कुल क्षेत्रफल और उत्पादकता के मामले में देश में पहले स्थान पर है। रिपोर्ट के मुताबिक, देश के कुल बागवानी उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 17.76 प्रतिशत है। वहीं, कुल बागवानी क्षेत्रफल में प्रदेश की भागीदारी 8.92 प्रतिशत दर्ज की गई है। खास बात यह है कि कम क्षेत्रफल में अधिक उत्पादन करने के मामले में भी यूपी ने अपनी मजबूत स्थिति बनाई है।

अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बाबू लाल मीणा के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकताओं में किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और कृषि को लाभकारी बनाना शामिल है। एनएचबी के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में उत्तर प्रदेश का कुल बागवानी उत्पादन 687.30 लाख मीट्रिक टन रहा, जबकि देश का कुल उत्पादन 3869.15 लाख मीट्रिक टन दर्ज किया गया। प्रदेश में बागवानी फसलों का कुल क्षेत्रफल 26.50 लाख हेक्टेयर है। उत्पादकता के मामले में यूपी ने विशेष उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश की बागवानी उत्पादकता 25.94 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर है, जबकि राष्ट्रीय औसत 13.02 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर है। यानी उत्तर प्रदेश की उत्पादकता राष्ट्रीय औसत से करीब 1.99 गुना अधिक है।

सब्जियों के उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश में कुल 454.65 लाख मीट्रिक टन सब्जियों का उत्पादन हुआ है, जबकि देश का कुल उत्पादन 2272.68 लाख मीट्रिक टन है। इस तरह राष्ट्रीय सब्जी उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत है। आलू उत्पादन में उत्तर प्रदेश का दबदबा और भी मजबूत है। प्रदेश में 270 लाख मीट्रिक टन आलू का उत्पादन हुआ, जबकि देश का कुल उत्पादन 655.70 लाख मीट्रिक टन रहा। इस प्रकार देश के कुल आलू उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 41.18 प्रतिशत है।

मटर उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश में 38.06 लाख मीट्रिक टन मटर का उत्पादन हुआ, जबकि देश का कुल उत्पादन 71.78 लाख मीट्रिक टन रहा। इस तरह राष्ट्रीय मटर उत्पादन में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 53.03 प्रतिशत है। यानी देश में पैदा होने वाली आधे से अधिक मटर यूपी के किसानों द्वारा उत्पादित की जाती है। फल उत्पादन के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश की उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। प्रदेश में आम का उत्पादन 62.15 लाख मीट्रिक टन रहा, जो देश के कुल उत्पादन का 25.93 प्रतिशत है।

इसी तरह अमरूद उत्पादन में यूपी की हिस्सेदारी 21.08 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रदेश में 11.65 लाख मीट्रिक टन अमरूद का उत्पादन हुआ। वहीं, शिमला मिर्च के उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 22.06 प्रतिशत रही। प्रदेश में इसका उत्पादन 1.76 लाख मीट्रिक टन दर्ज किया गया। बागवानी के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की ये उपलब्धियां किसानों की मेहनत, बेहतर उत्पादन क्षमता और कृषि विविधीकरण की संभावनाओं को दर्शाती हैं। सब्जियों, फलों और अन्य बागवानी फसलों का उत्पादन बढ़ने से किसानों के लिए आय के नए अवसर तैयार हो सकते हैं। सरकार का लक्ष्य इन उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश को कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में और मजबूत बनाना है।

Explore Related Topics

Uttar Pradesh Agriculture UP Horticulture Production Yogi Adityanath Government

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News