UP News: प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में अब महिलाएं केवल घर और परिवार की जिम्मेदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपने हुनर और मेहनत से कारोबार की नई पहचान बना रही हैं। योगी सरकार और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की पहल से प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इन महिलाओं को 11 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा गया है।
सरकार का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के पारंपरिक हुनर को बाजार उपलब्ध कराना और उनके उत्पादों को एक मजबूत ब्रांड पहचान दिलाना है। इसके लिए स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक कलाओं और उपलब्ध कच्चे माल के आधार पर महिलाओं को छोटे उद्योग और कारोबार शुरू करने के अवसर दिए जा रहे हैं। अब गांवों में तैयार होने वाले उत्पाद स्थानीय बाजारों के साथ बड़े बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपनी स्थानीय कला और हुनर के जरिए कारोबार कर रही हैं। सहारनपुर में महिलाएं लकड़ी की लालटेन, ट्रे और नक्काशीदार फ्रेम वाले दर्पण तैयार कर रही हैं। संभल में लकड़ी की ट्रे बनाई जा रही हैं, जबकि फिरोजाबाद में कांच के उत्पाद और सजावटी दीये तैयार किए जा रहे हैं। लखनऊ में महिलाएं पारंपरिक चिकनकारी के सूट बनाकर अपनी कला को बाजार तक पहुंचा रही हैं। इन गतिविधियों से महिलाओं को आर्थिक आमदनी का अवसर मिलने के साथ स्थानीय हस्तशिल्प को भी नई पहचान मिल रही है।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार के अनुसार महिलाओं के पारंपरिक कौशल को व्यावसायिक पहचान देने के लिए अलग-अलग जिलों में स्थानीय ब्रांड विकसित किए जा रहे हैं। मिर्जापुर में 'विंध्य प्रेरणा' ब्रांड के तहत साड़ियां, सत्तू, सरसों का तेल और चना जैसे उत्पाद बाजार में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सोनभद्र में 'सोन प्रेरणा' ब्रांड के अंतर्गत वन शहद, अगरबत्ती और बकरी के दूध से बने साबुन तैयार किए जा रहे हैं। इसी तरह वाराणसी में 'काशी प्रेरणा' ब्रांड के तहत धूप और वंदनवार जैसे उत्पाद बनाए जा रहे हैं। इन उत्पादों में स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक शिल्पकला की झलक देखने को मिलती है।
बुलंदशहर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं खुर्जा पॉटरी से जुड़े दीये और मोमबत्ती स्टैंड तैयार कर रही हैं। इसके जरिए पारंपरिक मिट्टी और सिरेमिक शिल्प को नए बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, सहारनपुर, बुलंदशहर, संभल, फिरोजाबाद और लखनऊ जैसे जिलों में महिलाओं के कारोबार का विस्तार ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं सामूहिक रूप से उत्पादन, विपणन और कारोबार की गतिविधियों में शामिल हो रही हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने और परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें