Mohammed Shami: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की सियासत में भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी की संभावित राजनीतिक एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खबरों के मुताबिक दिल्ली में मोहम्मद शमी ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद मोहम्मद शमी के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने मोहम्मद शमी और नितिन नबीन की मुलाकात कराई। दोनों की मुलाकात की तस्वीर भी सामने आई है। इसके बाद सियासी गलियारों में चर्चा है कि बीजेपी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले शमी को पार्टी में शामिल कर कोई बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है।
क्रिकेटर मोहम्मद शमी की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर इससे पहले भी चर्चाएं हो चुकी हैं। सितंबर में उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी से मुलाकात की थी। जयंत चौधरी ने सोशल मीडिया पर शमी के साथ तस्वीर भी साझा की थी। इसके बाद उनके अमरोहा से चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर कयास लगाए जाने लगे थे। अब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
उल्लेखनीय है कि मोहम्मद शमी भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। 2013 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था और भारत के लिए कई यादगार प्रदर्शन किए। क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने लगभग एक माह पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। ऐसे में अब उनकी राजनीतिक पारी शुरू होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें