Ambedkar Nagar News: नगर पालिका परिषद अकबरपुर की लापरवाही के चलते हजारों लीटर पानी रोजाना बर्बाद हो रहा है। शहजादपुर दोस्तपुर चौराहे के पास मालीपुर रोड पर सियाराम शोरूम के बगल में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पिछले कई दिनों से लगातार पानी सड़क पर बह रहा है। इसके कारण सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई है।
स्थानीय लोगों समेत राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर पानी जमा होने से फिसलन बढ़ गई है। खासकर बाइक सवारों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। फिसलन के कारण कई बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं, पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की जानकारी संबंधित विभाग और नगर पालिका प्रशासन को दिए जाने के बावजूद अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है। अधिकारियों की अनदेखी के चलते एक ओर हजारों लीटर साफ पानी बर्बाद हो रहा है, तो दूसरी ओर सड़क पर जलभराव से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कराने और पानी की बर्बादी रोकने की मांग की है। साथ ही सड़क पर जमा पानी की निकासी कराकर राहगीरों को राहत दिलाने की अपील की है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें