Anand Mohan: सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को बड़ा झटका देते हुए आईएएस अधिकारी जी कृष्णैया हत्याकांड में मिली समयपूर्व रिहाई की छूट रद्द कर दी है। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के 2023 के उस फैसले को निरस्त कर दिया, जिसके तहत आनंद मोहन को जेल से रिहा किया गया था। कोर्ट ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है।
गुरुवार को जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने यह महत्वपूर्ण निर्णय सुनाया। कोर्ट ने बिहार सरकार की उस नीति में किए गए संशोधन को भी असंवैधानिक करार दिया, जिसके जरिए ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारियों की हत्या के दोषियों को समयपूर्व रिहाई का लाभ देने का रास्ता खोला गया था। कोर्ट ने बिहार सरकार को कानून के अनुसार आनंद मोहन की रिहाई के मामले पर दोबारा विचार करने की अनुमति दी है। लेकिन अदालत ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में मृत आईएएस अफसर जी कृष्णैया की पत्नी को सुनवाई का पूरा अवसर देना अनिवार्य होगा। यानी सरकार बिना पीड़ित परिवार का पक्ष सुने रिहाई पर फैसला नहीं कर सकेगी। उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट से आईएएस अधिकारी जी कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने आनंद मोहन की रिहाई को रद्द कर उसे फिर से जेल भेजे जाने की मांग की थी।
यह मामला 5 दिसंबर 1994 का है। उस समय गोपालगंज के जिलाधिकारी जी कृष्णैया की मुजफ्फरपुर में भीड़ ने हत्या कर दी थी। घटना चर्चित नेता छोटन शुक्ला के अंतिम संस्कार से जुड़े जुलूस के दौरान हुई थी। उस समय आनंद मोहन बिहार पीपुल्स पार्टी के नेता थे। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, उन्होंने भीड़ को उकसाया था, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने जी कृष्णैया पर हमला कर दिया और उनकी हत्या कर दी। इस मामले में आनंद मोहन पर खुद हत्या करने के बजाय भीड़ को उकसाने की भूमिका साबित हुई थी। इसके बाद उन्हें दोषी ठहराया गया और सजा सुनाई गई। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई पर कानूनी सवाल खड़े हो गए हैं। अब उन्हें एक महीने के भीतर जेल में सरेंडर करना होगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें