UP Politics: उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संविधान दिवस पर लखनऊ गुरुवार को सियासी गतिविधियों का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टी अपने एजेंडे के साथ जनता के बीच राजनीतिक संदेश पहुंचाने में जुटी हैं। इस बार संविधान दिवस केवल संवैधानिक मूल्यों को याद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। अलग-अलग राजनीतिक कार्यक्रमों के जरिए दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, युवा और महिला मतदाताओं को साधने की कोशिश हो रही है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव संविधान दिवस पर अपना चुनावी एजेंडा सामने रखने जा रहे हैं। पार्टी शाम 4 बजे लखनऊ के होटल सेंट्रम में 'जन-मन का मैनिफेस्टो' यानी 'PDA का प्रणपत्र' जारी करेगी। इस घोषणापत्र में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के साथ महिलाओं और युवाओं को विशेष प्राथमिकता देने की तैयारी है। सपा की कोशिश है कि चुनाव से काफी पहले अपने राजनीतिक और सामाजिक एजेंडे को जनता तक पहुंचाया जाए। संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण, सामाजिक न्याय और रोजगार जैसे मुद्दे पार्टी के एजेंडे में प्रमुख रहेंगे। इसके अलावा महिलाओं, किसानों, युवाओं और कर्मचारियों के लिए मुफ्त बिजली तथा पुरानी पेंशन जैसे मुद्दों पर भी जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम में अखिलेश यादव के साथ रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
वहीं राजधानी लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी संयुक्त महारैली करेंगे। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम को दोनों नेताओं के राजनीतिक गठबंधन की बड़ी परीक्षा माना जा रहा है। रैली में बहुजन अधिकार, आरक्षण, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे। चंद्रशेखर आजाद जहां दलित और बहुजन राजनीति का प्रतिनिधित्व करते हैं, वहीं ओवैसी मुस्लिम समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व और अल्पसंख्यक अधिकारों की आवाज उठाते रहे हैं। ऐसे में दोनों नेताओं का एक मंच पर आना उत्तर प्रदेश में दलित-मुस्लिम राजनीतिक समीकरण को मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। यह गठबंधन अखिलेश यादव के PDA समीकरण के सामने भी अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी संविधान दिवस पर वहीं राजधानी लखनऊ पहुंचकर पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होंगे। कांग्रेस ने नेहरू भवन से हजरतगंज स्थित बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा तक संविधान रक्षा मार्च निकालने की योजना बनाई थी। हालांकि, प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित करने की तैयारी है। कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं, लोकतांत्रिक मूल्यों, मताधिकार और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर बीजेपी पर सवाल उठा रही है। पार्टी का उद्देश्य संविधान की रक्षा के मुद्दे पर विपक्षी राजनीति को मजबूत करना और उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को सक्रिय करना है।
बसपा अध्यक्ष मायावती ने संविधान दिवस पर बहुजन समाज से आत्मसम्मान और स्वाभिमान के मिशन पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। उन्होंने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के 'सत्ता की मास्टर चाबी' वाले संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि बहुजन समाज का राजनीतिक मिशन अभी अधूरा है। मायावती ने आरक्षण, गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर पूर्ववर्ती सरकारों से जवाबदेही तय करने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र के बिना देश का विकास अधूरा है।
भारतीय जनता पार्टी भी प्रदेशभर में संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित करेगी। पार्टी के प्रदेश कार्यालय से लेकर जिला स्तर तक विभिन्न आयोजन होंगे। इनमें संविधान सभा की भूमिका और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया जाएगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें