UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और प्रशासन पर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में काम करने के साथ ही मतदाता सूची में गड़बड़ी कराने का आरोप लगाया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि अब तक 19 लाख फर्जी मतदाताओं का मामला सामने आ चुका है। श्री यादव ने विपक्षी दलों में फूट डालने और राजनीतिक दलों को तोड़कर सरकार बनाने के भी आरोप लगाए। श्री यादव ने तंज कसते हुए कहा कि इस बार के चुनाव में बीजेपी का घड़ा नहीं बल्कि टैंकर फूटेगा।
श्री यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग और प्रशासन के सहयोग से बीजेपी बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में हेरफेर कर रही है। बीजेपी से जुड़े लोगों को मतदाता बनाने में प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि वास्तविक मतदाताओं के नाम काट दिये जा रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि साल 2022 से ही वह चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते आ रहे हैं। उन्होंने बीजेपी की कथित दस चुनावी रणनीतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बीजेपी पर फर्जी वोट जुड़वाने, विरोधियों के वोट कटवाने, मतदान के दिन मतदाताओं को डराने-धमकाने, ईवीएम में गड़बड़ी और मतगणना को प्रभावित करने जैसे आरोप लगाए।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में 16 लाख फर्जी मतदाताओं का मामला सामने आया था। फिर तीन लाख और नामों का मामला सामने आया। इस तरह कुल संख्या 19 लाख हो गई। सपा प्रमुख श्री यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि लोनी में 15,000 और साहिबाबाद में 13,000 कथित फर्जी मतदाता बनाए गये हैं। उन्होंने मुरादाबाद का भी उदाहरण दिया। कहा कि वहां पर सपा 722 मतों से हारी थी, जबकि अब 8,000 फर्जी वोट जुड़वाने का आरोप सामने आया है।
श्री यादव ने सरोजनी नगर में एक व्यक्ति के नाम पर 100 से अधिक फॉर्म भरे जाने और सुल्तानपुर में कथित फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए मतदाता सूची से नाम कटवाने के आवेदन दिए जाने का भी आरोप लगाया। साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि आयोग से जानकारी मांगने के बावजूद पूरी जानकारी नहीं दी जा रही है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा कार्यकर्ताओं से 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान के दौरान बूथों पर मौजूद रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि किसी का फर्जी वोट न बने और वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची से न हटें।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें