Ambedkar Nagar News: ग्राम स्तरीय सहकारी ऋण समितियों के कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्याओं को लेकर साधन समिति सचिव परिषद, अम्बेडकरनगर ने आंदोलन का ऐलान किया है। परिषद ने चेतावनी दी है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर 22 अक्टूबर 2026 से जनपद के सभी साधन समिति सचिव हड़ताल पर जाएंगे और लखनऊ के इको गार्डन मैदान में आयोजित प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन में शामिल होंगे।
इस संबंध में साधन समिति सचिव परिषद की अम्बेडकरनगर इकाई ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की लंबित वेतन संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की। परिषद के जिलाध्यक्ष वशिष्ठ कुमार शुक्ल ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व की ओर से 7 सितंबर 2026 को आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता, उत्तर प्रदेश को मांग-पत्र भेजा गया था। इसमें कैडर सचिव, प्रभारी एवं नॉन कैडर सचिव, आंकिक लिपिक, विक्रेता और चौकीदारों की वेतन संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में 21 सितंबर और 6 अक्टूबर को आयोजित बैठकों में समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस आदेश जारी नहीं हुआ है। इसके विरोध में 7 अक्टूबर को प्रदेश के कर्मचारी लखनऊ पहुंचकर आयुक्त कार्यालय पर अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंप चुके हैं। उस समय प्रशासन की ओर से एक सप्ताह का समय मांगा गया था।
परिषद के अनुसार, यदि लंबित वेतन का भुगतान और अन्य वेतन संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 22 अक्टूबर को प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें अम्बेडकरनगर जनपद के सभी संबंधित कर्मचारी एकजुट होकर भाग लेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान परिषद के महामंत्री जसवंत यादव सहित राकेश मिश्रा, सुरेंद्र तिवारी, महेंद्र प्रताप, सुरेंद्र वर्मा, अंकुर वर्मा, हेमंत चतुर्वेदी, रजनीश मिश्रा, अनिल सिंह, अनिल चतुर्वेदी, दुर्गेश कुमार, अनूप कुमार मिश्रा, बागीश पाण्डेय, कुलदीप तिवारी और अनुराग तिवारी समेत दो दर्जन से अधिक सचिव मौजूद रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें