Ambedkar Nagar News: मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत बुधवार को डॉ. ए.के. पब्लिक स्कूल, अकबरपुर में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सतर्कता, महिला सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यशाला के दौरान पुलिस कर्मियों ने विद्यार्थियों को फर्जी फोन कॉल, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, व्यक्तिगत और बैंकिंग संबंधी जानकारी गोपनीय रखने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करने की सलाह दी गई।
पुलिस कर्मियों ने बताया कि साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। ऐसे में सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए 1090, 112, 181, 1930 और 1098 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जे.पी. यादव ने कहा कि डिजिटल युग में प्रत्येक विद्यार्थी को साइबर सुरक्षा की जानकारी होना आवश्यक है। जागरूकता और सतर्कता के जरिए ही ऑनलाइन अपराधों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वयं जागरूक बनकर अपने परिवार और समाज को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सकते हैं।
वहीं, उप-प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा के साथ व्यावहारिक जीवन में सुरक्षा और डिजिटल तकनीक के सुरक्षित उपयोग की जानकारी देना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से इंटरनेट और सोशल मीडिया का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें