UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव के फार्म हाउस पर करीब 32 लाख रुपये की हुई लूट का मामला अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गया है। सीएम योगी ने इस मामले की पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल से जानकारी ली और वारदात का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं इस लूटकांड के बाद सेन पश्चिम पारा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस की आठ टीमें जुटी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के नेवरी गांव में स्थित फार्म हाउस में दो नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे और चाकू के बल पर प्रदेश मंत्री रमेश यादव को बंधक बना लिया था। फार्म हाउस की पिछली दीवार फांदकर बदमाश अंदर दाखिल हुए थे। इसके बाद बदमाशों ने रमेश यादव के हाथ-पैर बांध दिया और मुंह पर टेप लगा दिया। लुटेरों ने प्रदेश मंत्री की सोने की चेन, कड़ा, अंगूठी और रॉडो कंपनी की घड़ी लूट ली।
इसके बाद बदमाश रमेश यादव को उनके बेडरूम में ले गये और वहां जाकर अलमारी में रखे 12 लाख रुपये भी लूट लिये। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाथरूम में बंद रमेश यादव को बंद करके पीछे की दीवार फांद फरार हो गए। घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गयी है। पुलिस ने अब तक सात संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के अनुसार मुख्यमंत्री को घटना से अवगत कराया गया है। पुलिस लूटकांड का जल्द से जल्द खुलासा करने का प्रयास कर रही है। आसपास के मोबाइल टावरों का बीटीएस डंप डेटा की भी जांच हो रही है। 35 हजार से अधिक मोबाइल नंबर सामने आए हैं। जिनमें पुलिस बाहरी नंबरों की छानबीन कर रही है। पुलिस बीजेपी नेता के साथ रहने वाले निजी सुरक्षाकर्मियों और सेवादारों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें