UP Voter List 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए निर्वाचन आयोग ने विशेष अभियान शुरू किया है। एक जनवरी 2027 को आधार मानकर चलाए जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत रविवार से 28 और 29 नवंबर को प्रदेशभर में विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान नागरिक अपनी और परिवार के अन्य सदस्यों की मतदाता सूची में नाम की जांच कर सकेंगे। जिन लोगों का नाम सूची में नहीं है, वे पंजीकरण के लिए आवेदन भी कर पाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदाता सूची में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक निर्धारित की गई है। इसी अवधि में विशेष अभियान दिवस आयोजित कर मतदाताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि अभियान का संचालन व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित करें।
विशेष अभियान दिवस के दौरान राज्य के सभी मतदेय स्थलों पर रविवार को बूथ लेवल ऑफिसर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। उनके पास आलेख्य मतदाता सूची और जरूरी आवेदन फॉर्म उपलब्ध रहेंगे। नागरिक बूथ पर जाकर अपना और परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में चेक कर सकते हैं। अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो वह नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकता है। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार कराने के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
निर्वाचन अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि यदि एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों की सूची में दर्ज हैं तो ऐसे मामलों को चिह्नित किया जाए। संबंधित मतदाताओं से फॉर्म-8 भरवाकर नियमानुसार नाम एक ही मतदेय स्थल पर स्थानांतरित कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं से संपर्क करें और किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से न छूटे। सभी लंबित आवेदनों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने को भी कहा गया है।
मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के दौरान नाम, लिंग, आयु और अन्य विवरणों में मौजूद गलतियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने के लिए भी कार्रवाई की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को मतदाता सूची की सुपर जांच करने के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य की नियमित निगरानी करने को कहा गया है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें