Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी में शनिवार को कई नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें उत्पल राय, अनिल कसाना, पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, विनय प्रताप, वीरेंद्र, अदनान अशरफ खान और महेश कुमार बबलू प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस अवसर पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर करारा वार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा देश और प्रदेश के लिए सबसे बड़ा संकट है। जब तक भाजपा सत्ता से बाहर नहीं होगी, तब तक संकट दूर नहीं होगा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं का स्वागत किया और भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके साथ हमेशा खड़ी रहेगी। उनके साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होने देगी। साथ ही सपा अध्यक्ष ने घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में सपा की सरकार बनी तो अग्निवीर योजना को खत्म कर दिया जाएगा। साथ ही पार्टी की वेबसाइट पर आम जनमानस की ओर से दिए जा रहे सुझावों पर भी गंभीरता से काम किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि उनके नेताओं को लग रहा है कि कमल मुरझा गया है, इसलिए अब वे राधे-राधे कहने लगे हैं। सपा प्रमुख श्री यादव ने कहा कि अधिकारी सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। बीते दस सालों से एक ही पद पर बैठे अधिकारियों को हटाने की मांग उठाई जाएगी। इसके लिए सभी विधायकों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन भी दिया जाएगा। भाजपा की ओर से 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने संबंधी बयान पर भी अखिलेश यादव ने सवाल उठाए।
उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि भाजपा को इतनी बड़ी संख्या में वोट कटने की जानकारी कहां से मिली थी। चुनाव आयोग के दबाव के बाद इस तरह के बयान आने बंद हो गए हैं। इस दौरान उन्होंने ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ का नारा भी दिया। साथ ही इससे संबंधित एक वीडियो भी दिखाया। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर के पदाधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची में अधिक से अधिक लोगों के नाम जुड़वाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत हासिल करने के लिए बूथ स्तर पर मजबूती जरूरी है। उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव के लिए तैयार है और चुनाव घोषित होते ही भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा।
भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए श्री यादव ने कहा कि सरकार की कई योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ है। सपा प्रमुख ने दावा करते हुए कहा कि पीडीए अब केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि भावनात्मक मुद्दा बन चुका है। कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अभी भी ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस जीतने की स्थिति में है। बैठक में इस विषय पर चर्चा होगी। गठबंधन में प्राथमिकता सीटों की संख्या नहीं, बल्कि चुनाव में जीत होनी चाहिए। जो पार्टी जिस सीट पर जीतने की स्थिति में होगी, सीट उसी के हिस्से में जाएगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें