Mulayam Singh Yadav Jayanti: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी संस्थापक और अपने पिता मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सपा प्रमुख ने नेताजी के विचारों, सिद्धांतों और जीवन से मिली महत्वपूर्ण सीख को याद किया और समाजवादी विचारधारा के साथ मानवीय मूल्यों को जीवन में उतारने का संकल्प दोहराया। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि जरूरत के समय किसी भी व्यक्ति के साथ खड़े रहना और मदद की उम्मीद लेकर आने वाले हर इंसान की यथासंभव मदद करना ही सच्ची मानवता है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलायम सिंह यादव की जयंती पर एक पोस्ट साझा किया। पोस्ट में उन्होंने अपने पिता के विचारों और उनसे मिली सीख के बारे में लिखा। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि नेताजी का जीवन समाजसेवा, मानवीय मूल्यों और संवेदनशीलता की प्रेरणा देता है। उनके व्यक्तित्व से मिली महत्वपूर्ण सीख यह है कि किसी व्यक्ति के खराब वक्त में उसका साथ नहीं छोड़ना चाहिए। जो भी व्यक्ति उम्मीद की आस लेकर मदद मांगने आए, उसकी परिस्थितियों के मुताबिक यथासंभव सहायता करनी चाहिए।

उन्होंने आगे लिखा कि मानवीय संवेदनाएं केवल शब्दों तक सीमित ही नहीं रहनी चाहिए, बल्कि व्यवहार और कर्मों में भी दिखाई देना चाहिए। नेताजी की यह सीख जीवनभर अपनाने के योग्य है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने नेताजी से मिली एक और सीख का उल्लेख करते हुए अपने पोस्ट में लिखा कि जीवन में कई बार परिस्थितियों, गलतफहमियों या किसी दबाव के चलते कोई व्यक्ति हमारे खिलाफ हो सकता है। लेकिन इसका यह कतई मतलब नहीं है कि वह व्यक्ति हमेशा गलत या बुरा ही रहेगा।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सच्चे मन और निस्वार्थ भाव से रिश्तों को सुधारने की पहल करता है, तो उसके प्रयासों को स्वीकार करना चाहिए। रिश्तों में संवाद और आपसी समझ के लिए हमेशा जगह होनी चाहिए। सपा मुखिया ने दोहराया कि नेताजी मुलायम सिंह यादव की समाजवादी विचारधारा केवल भाषणों और सिद्धांतों तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए। उनके विचारों को जीवन और व्यवहार में उतारना जरूरी है। उन्होंने संदेश देते हुए कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना, खराब समय में व्यक्ति का साथ देना और टूटते रिश्तों को दोबारा जोड़ने के पहल करना ही नेताजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें