PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में देशभर से आए आईटीआई प्रशिक्षुओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को बड़े सपने देखने, अपने कौशल को लगातार विकसित करने और लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करने का संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, "आपके सामने इस समय पूरा आसमान है। बड़े सपने देखिए, अपने कौशल का विकास करिए और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा दीजिए। कभी यह महसूस मत कीजिए कि आप अकेले हैं। जब भी आपको लगेगा कि आप अकेले हैं, आप सोच लेना कि मैं आपके साथ खड़ा हूं।" पीएम मोदी ने कहा कि आईटीआई में हासिल किया गया कौशल सिर्फ नौकरी पाने का जरिया नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और तकनीकी दक्षता की सबसे बड़ी भूमिका होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी और आईटीआई दोनों ही देश की अमानत और भविष्य हैं। समाज में ऐसी मानसिकता बदलने की जरूरत है, जिसमें आईटीआई में पढ़ने वाले युवाओं को आईआईटी के विद्यार्थियों से कमतर समझा जाता है। उन्होंने कहा कि बड़ी-बड़ी कंपनियों को चलाने के लिए केवल डिग्रीधारी लोगों की जरूरत नहीं होती, बल्कि वहां सैकड़ों कुशल तकनीकी कर्मचारियों की भी आवश्यकता होती है। किसी भी उद्योग की सफलता में तकनीकी कामगारों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रधानमंत्री ने दक्षिण कोरिया, दुबई, अबूधाबी, कतर और कुवैत जैसे देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भारतीय कारीगरों और तकनीकी कामगारों के कौशल की सराहना की जाती है। आधुनिक शहरों के निर्माण में भारतीय श्रमिकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि कई देश भारत से समझौतों के तहत हर साल हजारों कुशल कामगारों की मांग कर रहे हैं। ऐसे में भारत के आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं के लिए विदेशों में भी रोजगार के बेहतर अवसर मौजूद हैं। भारत को दुनिया की स्किल कैपिटल बनाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उत्तर प्रदेश के विकास का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश की पहचान तेजी से बदल रही है। आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, विश्वविद्यालयों, पर्यटन, मोबाइल निर्माण और सेमीकंडक्टर उद्योग के विस्तार के लिए जाना जा रहा है। उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में रक्षा उत्पादन से जुड़े नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा का जिक्र करते हुए काशी की एक युवती का उदाहरण दिया, जिसने उन्हें बताया था कि वह रात 11 बजे भी काम खत्म करके सुरक्षित घर लौटती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा और विकास का बेहतर वातावरण युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।
पीएम मोदी ने भारत की पारंपरिक कौशल विरासत का उल्लेख करते हुए चिकनकारी, बनारसी रेशम, कांचीवरम, कश्मीरी पश्मीना, मलमल, कलमकारी और धातु एवं कांच की कलाकृतियों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि भारत में सदियों से हुनर और कारीगरी का सम्मान होता रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में मैकाले की शिक्षा व्यवस्था ने कौशल आधारित परंपरा को पीछे धकेला। आजादी के बाद भी डिग्री और प्रमाणपत्र को ज्यादा महत्व दिया गया, जबकि हाथ से काम करने वाले लोगों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिला। अब समय बदल रहा है और आने वाले वर्षों में प्रमाणपत्रों की तुलना में हुनर को अधिक महत्व मिलेगा। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि भारत वर्ष 2027 में वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। इसमें एशिया के अलग-अलग देशों के युवा अपनी तकनीकी दक्षता और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी के लिए उत्तर प्रदेश को शुभकामनाएं दीं।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के बढ़ते प्रभाव और रोजगार पर पड़ने वाली संभावित चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि जिसके पास वास्तविक कौशल है, उसके लिए रोजगार के अवसर बने रहेंगे। उन्होंने कोविड महामारी का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय पूरी दुनिया ने कुशल कामगारों की अहमियत को समझा। भारत अब मोबाइल फोन आयात करने वाले देश से आगे बढ़कर मोबाइल फोन का निर्माण करने वाला देश बन चुका है। इस बदलाव में युवाओं की तकनीकी क्षमता का बड़ा योगदान है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद देश में लगभग पांच हजार नई आईटीआई स्थापित की गई हैं। आईटीआई में प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या में पांच लाख से अधिक की वृद्धि हुई है। वहीं, छात्राओं की संख्या ढाई गुना से ज्यादा बढ़ी है। उन्होंने बताया कि युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए 30 से अधिक नए ट्रेड शुरू किए गए हैं। इनमें एआई असिस्टेंट, साइबर सिक्योरिटी असिस्टेंट, ड्रोन टेक्नीशियन, ग्रीन हाइड्रोजन टेक्नीशियन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एनीमेशन, स्पेशल इफेक्ट और सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आईटीआई का पाठ्यक्रम, मशीनें और प्रशिक्षकों का ज्ञान समय के साथ आधुनिक होना चाहिए। प्रशिक्षण संस्थानों का उद्योगों से सीधा जुड़ाव भी जरूरी है। उन्होंने पीएम सेतु योजना के तहत 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे।
प्रधानमंत्री ने देश में कुशल कामगारों की मांग को समझाने के लिए पीएनजी कनेक्शन का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि सरकार ने शहरों में प्रतिदिन एक लाख पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा था, लेकिन समीक्षा के दौरान पता चला कि पर्याप्त संसाधन और धन होने के बावजूद प्लंबरों की कमी के कारण काम प्रभावित हो रहा था। उन्होंने कहा कि यह उदाहरण बताता है कि देश को कितनी बड़ी संख्या में प्रशिक्षित तकनीकी कामगारों की जरूरत है। सोलर पावर, फिटनेस, खेल उपकरण और अन्य आधुनिक उद्योगों में भी युवाओं के लिए रोजगार की नई संभावनाएं पैदा हो रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न ट्रेडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ऑल इंडिया टॉपर्स को मंच पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सम्मानित प्रशिक्षुओं में इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक की काव्या लेका आर.एन., कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट की संधना लक्ष्मी आर. और डेटा एंट्री ऑपरेटर की ताबिश शौकत शामिल रहीं। दिव्यांग श्रेणी में अमित बैरागी और सूरज साहू को सम्मानित किया गया। वहीं, महिला एवं कठिन ट्रेड श्रेणी में सुप्रीति मोहपात्रा और संगीता टी. को पुरस्कार मिला। सीआईटीएस ऑल इंडिया टॉपर्स में ऑफिस मैनेजमेंट के लिए एंजेल मैरी एंटो, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक के लिए शहबाज खान और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के लिए संध्या देवी को सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री ने संबोधन के अंत में युवाओं से अपील की कि वे अपने हुनर को केवल व्यक्तिगत सफलता तक सीमित न रखें, बल्कि इसे समाज और देश की प्रगति का माध्यम बनाएं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें