Nepal PM India Visit: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह आज दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत आ रहे हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा होगी। इस दौरे को दोनों पड़ोसी देशों के बीच रिश्तों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके साथ 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा। इस दौरान भारत और नेपाल के बीच व्यापार, विकास, कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय सहयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात होगी। 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बातचीत होगी। इसके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात प्रस्तावित है। नेपाल के प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार राजन भट्टाराई ने इस यात्रा को लेकर उम्मीद जताई है कि इससे दोनों देशों के बीच लंबे समय से लंबित मुद्दों को सुलझाने और आपसी सहयोग को नई गति देने का अवसर मिलेगा।
राजन भट्टाराई ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच कई महत्वपूर्ण समझौते और सहयोग के क्षेत्र हैं। ऐसे में दोनों देशों के बीच नियमित उच्चस्तरीय बातचीत बेहद जरूरी है। भारत और नेपाल एक-दूसरे के सबसे करीबी पड़ोसी हैं। दोनों देशों के बीच बेहतर कूटनीतिक संबंध बनाए रखने और आपसी विश्वास बढ़ाने के लिए शीर्ष नेतृत्व की मुलाकात महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। भट्टाराई ने भारत को नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार, प्रमुख विकास भागीदार और बड़ा निवेशक बताया। उन्होंने कहा कि नेपाल को प्राकृतिक आपदाओं और आर्थिक चुनौतियों के समय भारत से लगातार सहयोग मिलता रहा है।
उन्होंने 2015 के भूकंप और कोविड-19 का उदाहरण देते हुए कहा कि मुश्किल परिस्थितियों में भारत हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहा है। उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में भी भारत नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा सकता है। इसमें सड़क और हवाई संपर्क को बेहतर बनाने के साथ पेट्रोलियम पाइपलाइन के विस्तार और नई गैस पाइपलाइन की संभावनाओं पर बातचीत हो सकती है। जलवायु परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधुनिक तकनीक और विकास से जुड़े नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की उम्मीद है। क्रिकेट के बुनियादी ढांचे और स्टेडियम निर्माण जैसे विषय भी बातचीत का हिस्सा बन सकते हैं।
भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से लंबित मुद्दों में एमिनेंट पर्सन्स ग्रुप की रिपोर्ट भी महत्वपूर्ण है। इस समूह का गठन दोनों देशों ने आपसी संबंधों की व्यापक समीक्षा के लिए किया था। राजन भट्टाराई ने बताया कि दोनों देशों के प्रतिनिधियों की सहमति से तैयार यह रिपोर्ट करीब आठ वर्षों से लंबित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बालेंद्र शाह की भारत यात्रा के दौरान इस विषय पर चर्चा होगी और कोई सकारात्मक समाधान निकल सकता है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें