UP News: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। पार्टी न केवल जीत की हैट्रिक लगाएगी, बल्कि एक नया राजनीतिक रिकॉर्ड भी बनाएगी। एक निजी चैनल के 'राइजिंग भारत समिट' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत और डबल इंजन सरकार के कामकाज के आधार पर पार्टी जनता के बीच जाएगी और प्रचंड बहुमत हासिल करेगी।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की बदली पहचान पर जिसे भी गर्व है, वह भाजपा को तीसरी बार सरकार बनाने का अवसर देगा। उन्होंने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार पांच साल सरकार चलाने के बाद दोबारा चुनाव जीता और फिर पांच साल तक मुख्यमंत्री बने रहे। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा इस बार भी नया रिकॉर्ड बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों में उत्तर प्रदेश में अराजकता, गुंडाराज और तुष्टीकरण की राजनीति हावी थी। उनके मुताबिक, परिवारवाद और जातिवाद ने प्रदेश के विकास को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में अपराधियों का राजनीतिकरण ही नहीं, बल्कि राजनीति का अपराधीकरण भी हुआ था। सीएम योगी ने कहा कि उस समय थानों और तहसीलों पर दबंगों का प्रभाव था। भर्ती प्रक्रियाओं में भी अनियमितताएं होती थीं और बिना परीक्षा दिए लोगों को नियुक्तियां देने के आरोप सामने आते थे। भाजपा आगामी चुनाव में पिछली सरकारों के कानून-व्यवस्था के रिकॉर्ड को जनता के सामने रखेगी।
कानून-व्यवस्था में सुधार का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित एचसीएल टेक कैंपस का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में यहां करीब 100 लोग काम करते थे, जबकि अब लगभग 18 हजार युवा रोजगार से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि यहां काम करने वाली कई महिलाएं रात की शिफ्ट के बाद रात दो बजे भी अपनी बाइक से घर लौटती हैं। जब उनसे सुरक्षा को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब दिया कि अब उत्तर प्रदेश में गुंडाराज नहीं है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था का प्रमाण बताया।
सीएम योगी ने कहा कि बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के कारण उत्तर प्रदेश निवेशकों की पसंद बन रहा है। उन्होंने एचसीएल और फॉक्सकॉन के सहयोग से प्रदेश में प्रस्तावित सेमीकंडक्टर यूनिट का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, 2017 से पहले निवेशक उत्तर प्रदेश आने से हिचकते थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में दंगा, लूटपाट और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। महिलाओं की सुरक्षा और कारोबारियों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें