UP Police Flag Day: उत्तर प्रदेश में सोमवार को पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फ्लैग पिन लगाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुलाकात कर पुलिस झंडा दिवस की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पहुंचे।
यहां उन्होंने मुख्यमंत्री को पुलिस झंडा दिवस का फ्लैग पिन लगाया। सीएम योगी ने इस अवसर पर कहा कि अदम्य साहस, कर्तव्यपरायणता और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक पुलिस झंडी दिवस हमारी गौरवशाली परंपरा, अनुशासन, त्याग और बलिदान के संकल्प का स्मरण कराता है।
वहीं अपर पुलिस महानिदेशक फायर सर्विस उत्तर प्रदेश पद्मजा चौहान ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को फ्लैग पिन लगाया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न भी भेंट किया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक के जनरल स्टाफ ऑफिसर केएस इमैन्युअल भी मौजूद रहे। राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस झंडा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

उत्तर प्रदेश में 23 नवंबर को हर साल पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है। इस दिन का प्रदेश पुलिस के इतिहास में विशेष महत्व है। 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस कलर और ध्वज प्रदान किया था। उत्तर प्रदेश पुलिस देश का पहला राज्य पुलिस बल बना, जिसे यह सम्मान मिला। इसी दिन प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी को भी अपना ध्वज प्रदान किया गया था।
उत्तर प्रदेश पुलिस के ध्वज की लंबाई चार फीट और चौड़ाई तीन फीट है। इसमें दो रंग शामिल हैं। ध्वज के ऊपरी हिस्से में लाल और निचले हिस्से में नीला रंग है।पुलिस झंडा दिवस पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को याद करने का अवसर है। इस दिन पुलिसकर्मियों के योगदान को सम्मानित किया जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी इस अवसर पर प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें