Saryu Kamala Express: भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने जा रहा है। भारत और नेपाल के धार्मिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने की दिशा में सरयू-कमला एक्सप्रेस महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है। इस विशेष रेल सेवा का औपचारिक शुभारंभ आज किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे। इससे पहले उन्होंने रामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहेंगे।
सरयू-कमला एक्सप्रेस के संचालन से अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। यह ट्रेन लगभग 604 किलोमीटर की दूरी करीब 19 घंटे में तय करेगी। सबसे बड़ी सुविधा यह होगी कि यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। जानकारी के अनुसार 28 नवंबर से इस ट्रेन का नियमित संचालन आम यात्रियों के लिए शुरू होगा। यह साप्ताहिक रेल सेवा होगी, जिससे भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा करने में काफी सहूलियत मिलेगी।
अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि नेपाल का जनकपुर धाम माता जानकी की जन्मस्थली के रूप में विश्व प्रसिद्ध है। दोनों धार्मिक स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से रामायण सर्किट के पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। इस पहल से न केवल श्रद्धालुओं का आवागमन आसान होगा, बल्कि दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, सामाजिक और पारिवारिक रिश्ते भी और मजबूत होंगे। सरयू-कमला एक्सप्रेस को भारत-नेपाल मैत्री, धार्मिक पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय रेल कनेक्टिविटी की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें