सीएम योगी करेंगे गोरखपुर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास

30 हजार दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम का निर्माण 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी रहेंगे मौजूद।
Bureau 15 May 2026, 06:07 PM 1 min read
सीएम योगी करेंगे गोरखपुर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास

 

पूर्वांचल में खेल अवस्थापना को नई पहचान देने की दिशा में शनिवार का दिन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 मई को गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन मार्ग स्थित ताल नदोर में प्रस्तावित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस स्टेडियम को मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल किया गया है। शिलान्यास समारोह में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पूरी और प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे।

 

गोरखपुर में बनने वाला यह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम खेल सुविधाओं के लिहाज से पूर्वांचल के लिए एक बड़ी परियोजना माना जा रहा है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद प्रशासन की ओर से ताल नदोर में भूमि उपलब्ध कराई गई थी, जिसके बाद 24 दिसंबर 2025 से निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया। औपचारिक शिलान्यास से पहले ही सरकार की ओर से जारी पहली किश्त 63.39 करोड़ रुपये के माध्यम से निर्माण कार्य जारी है। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-एक के अनुसार परियोजना का लगभग सात प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। निर्माण कार्य को 23 दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 

गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने इस परियोजना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनने के बाद गोरखपुर विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना और अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में पहचान बना सकेगा।

 

करीब 46 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाले इस स्टेडियम की दर्शक क्षमता 30 हजार होगी। ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ मॉडल पर तैयार किए जाने वाले स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए सात प्लेइंग पिच और चार प्रैक्टिस पिच बनाई जाएंगी। पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में 14,490-14,490 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। नॉर्थ पैवेलियन में 208 वीआईपी और 382 मीडिया कर्मियों के लिए सीटें निर्धारित की गई हैं, जबकि साउथ पैवेलियन में 1708 वीवीआईपी और वीआईपी अतिथियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। रात्रिकालीन मैचों के आयोजन के लिए अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप चार हाई मास्ट लाइट भी स्थापित की जाएंगी। क्रिकेट मुकाबलों के अलावा यहां अन्य बड़े सार्वजनिक और सांस्कृतिक आयोजन भी कराए जा सकेंगे।

 

स्टेडियम का स्थान कनेक्टिविटी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन से सीधे जुड़ा ताल नदोर क्षेत्र गोरखपुर एयरपोर्ट से लगभग 24 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों के लिए यहां पहुंचना अपेक्षाकृत आसान रहेगा।

 

इस परियोजना के वित्तीय सहयोग में सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियां भी भागीदारी निभा रही हैं। स्टेडियम निर्माण के लिए सीएसआर फंड के तहत कुल 100 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके तहत इंडियन आयल कारपोरेशन की ओर से 60 करोड़ रुपये, भारत पेट्रोलियम की ओर से 30 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ओर से 10 करोड़ रुपये देने की प्रक्रिया जारी है। एमओयू के बाद धनराशि आवंटन की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

एक ही कमरे में सो रहा था पूरा परिवार, सुबह होने से पहले उजड़ गया घर
पंचर की दुकान, टूटी आर्थिक हालत और 100 करोड़ की कंपनी... गोरखपुर का मामला देखकर अफसर भी रह गए हैरान
392 करोड़ रुपये की लागत, 30 हजार दर्शकों की क्षमता; गोरखपुर में तेजी से बन रहा क्रिकेट स्टेडियम
गोरखपुर ने AI से बदली बाढ़ प्रबंधन की तस्वीर, 65% तक घटा जलभराव
गोरखपुर में आयोजित हुई निषाद पार्टी की रैली, मछुआ आरक्षण पर उठी मांग
गोरखपुर में एम्स की महिला डॉक्टर से छेड़छाड़, पीछा कर की नस्लीय टिप्पणियां
खेलेगा युवा तो खिलेगा देश - बोले सीएम योगी
गोरखपुर की यातायात व्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार, सीएम योगी देंगे विकास की बड़ी सौगात
गोरखपुर में फर्जी IAS गैंग गिरफ्तार, AI से करोड़ों की ठगी का हुआ खुलासा