BJP Gorakhpur Rally: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अगुवाई में गोरखपुर में आज ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा’ के जरिए पार्टी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करेगी। इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चैधरी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि इस पदयात्रा में लगभग एक लाख कार्यकर्ता जुटेंगे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला गोरखपुर दौरा होगा।
नितिन नबीन का बुधवार सुबह गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह वह एनेक्सी भवन और सर्किट हाउस जाएंगे। नितिन नबीन दोपहर 12 बजे महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे। जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा सहित एनडीए के सहयोगी दलों के प्रमुख नेता भी उपस्थित रहेंगे। इनमें निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और अपना दल की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल भी शामिल हैं।
जनसभा संपन्न होने के बाद पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर गोलघर स्थित काली मंदिर के पास सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी। करीब 1200 मीटर लंबे इस मार्ग पर 18 स्थानों पर कार्यकर्ताओं की ओर से भव्य स्वागत किया जाएगा। सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ पदयात्रा संपन्न होगी। गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 जनपदों से जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस पदयात्रा में शामिल होंगे। वहीं पदयात्रा और जनसभा के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर एडीजी जोन राम कुमार, डीआईजी एस. चन्नप्पा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने एमपी इंटर कॉलेज पहुंच निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जरूरी व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश भी दिए हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें