दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर से यमुना नदी में छलांग लगाने वाले 30 वर्षीय कारोबारी अंकित शर्मा उर्फ आशु का शव घटना के लगभग दो दिन बाद बरामद कर लिया गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम ने घटनास्थल से करीब ढाई किलोमीटर आगे नदी में शव को खोज निकाला और उसे जामिया नगर थाना पुलिस को सौंप दिया। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार अंकित पूर्वी दिल्ली के चित्रा विहार स्थित डीडीए फ्लैट में परिवार के साथ रहते थे और वाहनों की खरीद-बिक्री का कारोबार करते थे।
जांच में सामने आया है कि रविवार देर रात करीब 1:35 बजे अंकित अपनी स्कूटी से डीएनडी फ्लाईओवर पहुंचे। वहां उन्होंने स्कूटी रोकने के बाद अपनी बहन को मोबाइल फोन से एक संदेश और अपनी वर्तमान लोकेशन भेजी। इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने यमुना नदी में छलांग लगा दी। पुलिस के मुताबिक फ्लाईओवर पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।
अंकित का संदेश और लोकेशन मिलने के बाद परिजन तुरंत डीएनडी फ्लाईओवर पहुंचे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद रात करीब 2:26 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
यह खबर भी पढ़े - DND फ्लाईओवर से यमुना में कूदा युवक, NDRF और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सूचना मिलते ही जामिया नगर थाना पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। तलाशी के दौरान फ्लाईओवर से अंकित की स्कूटी, दो मोबाइल फोन, चप्पल और अन्य निजी सामान बरामद हुआ। इसके बाद यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
यमुना में लगातार तलाश अभियान चलाने के बाद सोमवार रात एनडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल से बहाव की दिशा में करीब ढाई किलोमीटर आगे अंकित का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अंकित शर्मा का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस संबंध में मामला अदालत में भी विचाराधीन बताया गया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि पारिवारिक तनाव घटना की एक संभावित वजह हो सकता है।
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें